-बम्हरौली एयरपोर्ट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का हुआ स्वागत

-12 मिनट रुकने के बाद चित्रकूट के लिए हुए रवाना

-कांग्रेस के प्रमुख लोगों ने की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात

ALLAHABAD: मध्य प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना होने से पहले इलाहाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का स्वागत किया गया। पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राफेल मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्देश दिया।

सबने किया स्वागत

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को दिन में 10.45 बजे चार्टर प्लेन से बम्हरौली स्थित इलाहाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां हेलीकाप्टर से पहुंचे मध्य प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने राहुल गांधी का स्वागत किया। मध्य प्रदेश से आए वरिष्ठ नेताओं के साथ ही कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य अनुग्रह नारायण सिंह, पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने भी राहुल गांधी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, रामयज्ञ द्विवेदी, पूर्व जनरल सेक्रेटरी उत्तर प्रदेश कांग्रेस फुजैल हाशमी, किशोर वाष्र्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, प्रदीप मिश्र, सुभाष पांडेय, मुकुंद तिवारी, हसीब अहमद आदि नेताओं का अभिवादन स्वीकार किया।

मुलाकात में सबने रखी बात

मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता मुकुन्द तिवारी ने राहुल गांधी को बालसन चौराहे से पूर्व प्रधानमंत्री पं। जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा। वहीं हसीब अहमद ने राफेल मुद्दे पर विरोध के दौरान पुलिस द्वारा हाथापाई किए जाने की जानकारी दी। राहुल गांधी ने कहा कि राफेल मुद्दे पर आंदोलन और तेज किया जाए। करीब 15 मिनट तक रुकने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष हेलीकाप्टर से मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए। ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ भी उनके साथ गए। कांग्रेस अध्यक्ष शुक्रवार की शाम हेलीकाप्टर से बम्हरौली एयरपोर्ट आएंगे। थोड़ी देर रुकने के बाद चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली लौट जाएंगे।