प्रयागराज (ब्‍यूरो)। शहर के डंडिया अल्लापुर मार्ग पर मेन वाटर सप्लाई की टूटी हुई पाइप दूसरे दिन भी ठीक नहीं हो सकी। इससे अल्लापुर की सड़क पानी-पानी है, मगर लोगों के घरों की बाल्टियां और टंकी व हलक सूखे हैं। मजबूरन लोगों को आरओ वाटर खरीद कर इस गर्मी में प्यास बुझानी पड़ रही है। दिन भर जलकल विभाग के कर्मचारियों द्वारा पाइप बनाने को लेकर की गई मेहनत सफल नहीं हो सकी। लगातार दूसरे दिन पानी की आपूर्ति करीब एक हजार घरों में बाधित रही। इस उमस भरी गर्मी में पेयजल संकट गहराने से हजारों लोग परेशान हैं। सबसे ज्यादा परेशानी प्रभावित इलाकों की महिलाओं, बच्चों व छात्राओं को हो रही है।

क्या रविवार को मिल पाएगा सामान
शहर के वीआईपी एरिया कहलाने वाले अल्लापुर इलाके में कई मोहल्ले जल संकट से जूझ रहे हैं। यह समस्या यहां पर शुक्रवार सुबह से उत्पन्न है। डंडिया अल्लापुर मार्ग पर रेलवे लाइन के पास वाटर सप्लाई की मेन पाइप लाइन टूट गई है। एरिया के पार्षद और लोगों के द्वारा मामले की शिकायत जलकल विभाग से की गई। दूसरे दिन शनिवार को विभाग के कर्मचारी इसे बनाने के लिए मौके पर पहुंचे। बताते हैं कि दिन भर वह यही पता लगाते रहे कि आखिर पाइप टूटी कहां पर है। टूटी हुई पाइप की खुदाई की गई तो पता चला कि समस्या थोड़ी बड़ी है। दरअसल यह पाइप दस इंच तक टूट गई है। इससे वाटर सप्लाई क्षेत्र के डंडिया अल्लापुर, शिवपुरी मार्ग, माली चौराहा अल्लापुर, न्यू सोहबतियाबाग जैसे कई मोहल्लों में ब्रेक हो गई है। दूसरे दिन शनिवार को भी समस्या का समाधान नहीं होने से इस गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते रहे।

पाइप जमीन के अंदर फटकर टूट गई है। आज यानी शनिवार को कर्मचारियों के जरिए की गई खुदाई से यह बात पता चली है। पाइप के टूटने से इलाके के कई मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया है। पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।
- दीपक यादव, डंडिया अल्लापुर

समस्या खबर मिलते ही एक दिन में ठीक हो जाय तो किस बात का सरकारी काम और विभाग। आज दो दिन बीत गए हैं समस्या का समाधान नहीं हो सका है। काम करने के लिए आए कर्मचारियों ने बताया है कि कुछ सामान की जरूरत है।
प्रदीप कुमार, अल्लापुर

कर्मचारियों का कहना है कि पाइप बनाने के लिए कुछ सामान की जरूरत है। सामान मिलने के बाद समस्या ठीक हो जाएगी। मगर कल तो रविवार छुट्टी का दिन है। छुट्टी की वजह से हमें तो नहीं लगता कि सामान मिल पाएगा। खैर मिल जाय तो अच्छी ही बात है।
लोकेश सिंह, न्यू सोहबतियाबाग

अल्लापुर एरिया के कई मोहल्ले में इस पाइप के फटने से पेयजल संकट उत्पन्न है। लोग मजबूरन बड़े जार में बिकने वाले आरओ के पानी को खरीकर खाना बनाने व पीने का काम कर रहे हैं। शिकायत के बाद जो कर्मचारी आए भी वह खुदाई करके चले गए। बोले हैं कि रविवार को बन जाएगा। देखते हैं कि क्या होता है?
संजय त्रिपाठी, शिवपुरी मार्ग

समस्या की शिकायत जलकल विभाग से की गई थी। जल संकट के बारे में भी बताया गया था। शनिवार को कर्मचारी आए थे। खुदाई में ही पूरा दिन बीत गया। करीब तीन बजे बताया गया कि कुछ सामान की जरूरत है। जिसके मिलने के बाद रविवार को ही समस्या समाप्त हो सकेगी।
शिवसेवक सिंह, वरिष्ठ पार्षद अल्लापुर