-कौंधियारा में पति ने गर्भवती पत्नी को पीट-पीट कर मार डाला

-पारिवारिक कलह बताई जा रही वजह, पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

PRAYAGRAJ: कौंधियारा में रविवार रात कत्ल की एक ऐसी वारदात हुई, जिसे सुनकर आप के रोंगटे खड़े हो जाएंगे। शराबी सुहाग ने गर्भवती पत्नी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। कत्ल के बाद बेरहम ने ससुराल फोन किया। बताया कि मैंने अपनी पत्नी को मार दिया है। आइए तो हॉस्पिटल ले चलें। इसके बाद मृतका की बहन को फोन किया तो बताया कि पानी भरते समय वह फिसल कर नल पर गिर गई। इससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। आप सब आइए तो हॉस्पिटल ले चलें। मायके वाले पहुंचे तो नजारा देखकर सब सन्न रह गए। दरवाजे पर उसकी बॉडी पड़ी हुई थी। मृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

लत को लेकर अक्सर होता था विवाद

यमुनापार के कौंधियारा एरिया स्थित चिपौंधा गांव निवासी शमशेर बहादुर चौधरी की शादी राज कुमारी (32) से बारह साल पूर्व हुई थी। शादी के बाद राज कुमारी ने दो बेटियों को जन्म दिया। एक का नाम लक्ष्मी (5) तो दूसरे का नाम बिटानी (2) इन दिनों वह छह माह की गर्भवती थी। दो बेटियों का मोह भी शमशेर को शराब के नशे से दूर नहीं कर सका। शराब पीने के साथ उसे जुआ खेलने की भी लत लग गई थी। पति की इस लत को लेकर पत्नी राजकुमारी काफी चिंतित व परेशान रहती थी। वह रोज नशे में घर पहुंचता था और हर दिन वह विरोध करती थी। रविवार को जब वह नशे में पहुंचा तो उसकी हालत देखकर वह फिर बोल पड़ी।

बन गया जान का दुश्मन

बस नशे को लेकर राज कुमारी का बोलना ही उसके मौत का कारण बन गया। शराब के नशे में धुत सुहाग शैतान बन जाएगा राज कुमारी को इस बात का तनिक भी इल्म नहीं था। बस उसके मुंह से शराब को लेकर शब्द निकलते ही उसके सिर पर खून सवार हो गया। नशे में वह एक डंडा उठाया और बेरहमी से पीटने लगा। बताते हैं कि वह तड़पती और चीखती रही और वह पीटता रहा। विवाद आए दिन होते थे लिहाजा उसकी चीख पुकार को लोगों ने भी बहुत लाइटली लिया। परिणाम यह हुआ कि गर्भवती राजकुमारी ने तड़प कर दम तोड़ दिया।

आरोपित पति शराब के नशे में अक्सर पत्नी को मारापीटा करता था। रविवार रात भी उसने पत्नी की पिटाई की थी। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

-उमेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कौंधियारा