प्रेमी के साथ नाजायज संबंध बनाने का बेटी पर बना रही थी दबाव, घर वालों ने मिलकर घटना को दिया अंजाम

बेटी, देवर, जेठ और प्रेमी पुलिस की हिरासत में, खीरी थाना क्षेत्र की घटना, पूछताछ में जुटी पुलिस

PRAYAGRAJ: खीरी थाना क्षेत्र के नीबी में एक महिला की पेड़ से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। इससे महिला की मौत हो गई। गुरुवार सुबह घर के बाहर पेड़ के सामने महिला की बॉडी मिली। बॉडी देखते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। पुलिस के मुताबिक महिला का विनोद नाम के व्यक्ति से अवैध संबंध था। विनोद की नजर उसकी बेटी पर भी थी। वह अपनी बेटी पर प्रेशर बना रही थी कि वह प्रेमी के साथ अवैध संबंध बनाए। इससे बेटी खफा थी। बेटी के बताने पर परिवारवालों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और बुधवार की रात उन्होंने पेड़ से बांधकर महिला को बुरी तरह से पीट दिया था।

बेटी को नहीं पंसद था उसका घर आना

खीरी थाना क्षेत्र नीवी गांव निवासी भोला शंकर बिंद शराब का लती है। बताया जाता है कि छह महीने पहले उसने बिनोद कुमार पाण्डेय उर्फ मन्नू को जमीन बेची थी। जमीन की बिक्री से मिले पैसे को वह अपनी शराब की लत पूरी करने के लिए खर्च कर रहा था। तीन महीने से वह घर नहीं आ रहा था। उसकी 36 वर्षीय पत्नी रीता चार बच्चों (दो बेटी व दो बेटों) के साथ घर पर रहती थी। पुलिस के मुताबिक महिला का विनोद पांडेय से अवैध संबंध था। जिसकी जानकारी पूरे घर को थी। उसका घर आना जाना रहता था। विनोद का घर आना रीता के बच्चों को पसंद नहीं था। वह अक्सर इसके लिए मना भी करते थे। लेकिन, महिला मानती नहीं थी। 17 वर्षीय बेटी को उसका घर आना बिल्कुल पसंद नहीं था क्योंकि विनोद की नजर उसकी बेटी पर थी।

जबरदस्ती की कोशिश पर बिगड़ा मामला

आरोप है कि विनोद अपनी कथित प्रेमिका रीता पर दबाव बना रहा था कि वह वह बेटी को उसके साथ संबंध बनाने के लिए तैयार कर ले। अवैध संबंध के जाल में फंसी रीता उसके झांसे में आकर बेटी पर प्रेशर बनाने लगी थी। बुधवार की रात फिर से प्रेशर बनाने की कोशिश हुई तो बेटी ने आपा खो दिया। उसने अपनी मां को खींचकर घर से बाहर निकाला और पेड़ से रस्सी से बांध दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर उसके चाचा और बड़े पिता भी आ गये। उन्होंने बेटी को उकसाया कि वह अपना बदला ले ले, अब इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा। गुस्से में बेटी ने जमकर पिटाई कर दी और चली गयी। रात भर पेड़ से बंधे रहने के चलते रीता की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की ओर बॉडी का पीएम के लिये भेज दिया। पूछताछ में शक हुआ तो पुलिस ने बेटी, जेठ, देवर एवं प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।

महिला अपनी बेटी पर दबाव बना रही थी कि वह मां के आशिक के साथ अवैध संबंध बनावे। इससे बेटी नाराज रहती थी। बुधवार को पेड़ से बांधकर महिला की पिटाई कर दी गयी। जिससे उसकी मौत हो गयी। मृतका की बेटी, जेठ, देवर एवं प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सौरभ दीक्षित

एसपी यमुनापार

बनाई गयी थी अलग कहानी

इसके पहले परिवार के लोगों ने दूसरी ही कहानी पुलिस को बयां की थी। बताया जाता है कि सबसे पहले बड़ी बेटी ने मां के शव को देखा था। खून से लथपथ बॉडी को देखकर गांव में खलबली मच गयी थी। बेटियों ने विनोद द्वारा पेड पर बांधकर पिटाई की जानकारी दी थी। रीता के भाई ने भी पुलिस को जानकारी दी थी कि विनोद बकाया पैसे देने के बजाये उसकी बहन को मार डाला है। पति पर भी शक जताया गया था।