प्रयागराज ब्यूरो । दारागंज थाना क्षेत्र के अलोपीबाग में नगर निगम के ट्रक से कुचलकर महिला की मौत हो गई। जबकि महिला की बहन बाल-बाल बच गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हंगामा करने की कोशिश की। मगर मौके पर पहुंची दारागंज पुलिस ने मामला संभाल लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। जबकि महिला की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कुशीनगर के महुआरी गांव की रहने वाली हसीबुन्निशा अपनी बहन नूर बीवी के घर आई थी। नूर दारागंज में बड़ी कोरी के पास रहती है। सोमवार शाम को दोनों बहन बाजार के लिए निकलीं। दोनों स्कूटी से थीं। स्कूटी नूर बीवी चला रही थी। दोनों अलोपीबाग पहुंची थी। तभी स्कूटी में पीछे से नगर निगम की ट्रक से टक्कर लग गई। दोनों बहन सड़क पर गिर पड़ीं। हसीबुन्निशा ट्रक के सामने गिरी। ट्रक से वह कुचल गई। जबकि दूर गिरने से नूर बीवी बच गई। मौके पर ही हसीबुन्निशा की मौत हो गई। घटना होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। मगर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। पुलिस वालों ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया।

अलोपीबाग मेंं नगर निगम की गाड़ी से एक्सीडेंट में एक महिला की मौत हुई। उसकी बहन बच गई। चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

अशीष भदौरिया, इंस्पेक्टर दारागंज