प्रयागराज ब्यूरो । धूमनगंज के भागलपुरवा गांव में एक महिला की छत से गिरने से मौत हो गई। पुलिस पहुंची तो छानबीन शुरू हुई। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने महिला के पति से पूछताछ की। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
भागलपुरवा के रहने वाले मनोज कुमार की शादी करीब पंद्रह साल पहले आरती देवी से हुई थी। आरती कौशांबी की रहने वाली है। उसके छह बच्चे हैं। मनोज ठेले पर नारियल पानी बेचता है। मंगलवार दोपहर में आरती छत से गिर गई। यह देख पड़ोस की महिला ने पुलिस को खबर दी। सूचना पर इंस्पेक्टर सुनील कनौजिया फोर्स के साथ पहुंचे। वहां पता चला कि पति पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। जिस पर पुलिस ने बॉडी मोर्चरी भेज दी और पति को थाने ले गई। वहां पर पति ने बताया कि आरती छत पर लौकी लेने गई थी। इस दौरान गिरने से उसकी मौत हो गई। मां की मौत से बच्चे रोते रहे।
छानबीन के दौरान पता चला कि महिला की मौत छत से गिरने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। पति पत्नी के बीच झगड़े की बात पता चली है.
वरुण कुमार, एसीपी धूमनगंज