करेली एरिया के करेलाबाग में है ससुराल, हॉस्पिटल में हुई मौत

भाई ने दहेज हत्या की दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस

PRAYAGRAJ: महिला कंचन निषाद (27) की इलाज के दौरान हॉस्पिटल में मौत हो गई। कई दिनों से उसका प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मासूम बेटे के सिर से मां का आंचल उठने को लेकर हर कोई परेशान था। मौके पर पहुंचे मायके वालों में जबरदस्त आक्रोश दिखाई दिया। करेली थाने में उसके भाई ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। केस दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

कीडगंज में है मायका

कंचन निषाद का मायका कीडगंज में है। उसकी शादी करेली एरिया के करेलाबाग निवासी रामबाबू निषाद से हुई थी। उनका करीब दो साल का बेटा है। छानबीन में पुलिस को कई तथ्य मिले हैं। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पूर्व उसका पति से विवाद हुआ था। पति द्वारा पिटाई किए जाने के बाद वह मायके चली गई थी। पहुंचते ही उसकी तबियत बिगड़ गई थी.इलाज के लिए घर वाले प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवा दिए। इलाज के दौरान हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। कंचन की मौत से मायके वालों में आक्रोश बढ़ गया। वह पिटाई के चलते तबियत खराब होने की बात कहने लगे। भाई के द्वारा दहेज प्रताड़ना व हत्या की तहरीर करेली पुलिस को दी गई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। देर शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट थाने नहीं पहुंच सकी थी।

प्राप्त तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ में मालूम चला है कि महिला का पति से विवाद हुआ था। इसके बाद वह मायके चली गई थी। जहां पहुंचते ही उसकी तबियत खराब होने पर एडमिट कराया गया था।

बृजेश सिंह, इंस्पेक्टर करेली