प्रयागराज (ब्यूरो)।संगम में डूबा एक युवक भोपाल का रहने वाला था। वह इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में दाखिला लेकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार को उसके शव की शिनाख्त हुई। युवक का मोबाइल रविवार से बंद था। जिससे परिजन परेशान थे। प्रयागराज में छात्रों के डूबने की खबर पाकर परिजनों ने पुलिस से सम्पर्क किया। यहां से भेजी गई फोटो देखकर परिजन भोपाल से आए। मोर्चरी में शव देख परिजन रोने बिलखने लगे।
संडे को डूब गया था
रविवार शाम को संगम में रोज की तरह लोग नहा रहे थे। शाम को अचानक आई आंधी में कई लोग डूब गए। चार लोगों को जल पुलिस ने बचा लिया। इस दौरान घाट पर मौजूद पांच छात्रों के परिचित ने बताया कि उनके साथी भी नहा रहे थे। और वे डूब गए। जिस पर सोमवार को जल पुलिस ने संगम इलाके में तलाशी अभियान चलाया। तीन छात्रों का शव मिला। जिनकी पहचान हो गई। जबकि एक अन्य शव की शिनाख्त नहीं हुई। मंगलवार को तलाशी अभियान में एक छात्र का शव मिल गया। उसकी भी शिनाख्त हो गई। इस बीच एक युवक पुलिस के पास पहुंचा। उसने अज्ञात युवक की फोटो देखी। लाश फूल चुकी थी। इसलिए तस्वीर साफ नहीं थी। जिस पर उसकी तस्वीर भोपाल में परिजनों को भेजी गई। तस्वीर से अंदाजा लगाकर परेशान परिजन बुधवार को मोर्चरी पहुंचे। यहां शव की शिनाख्त हो गई। शव ऋषभ अहिरवार का था। वह भोपाल के गौतम नगर नेरियल खेड़ा का रहने वाला था। ऋषभ पुत्र जगदीश अहिरवार इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बीकॉम कर रहा था। वह पुराना कटरा में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था।