बरेली (ब्यूरो)। रुपयों को लेकर मामूली कहासुनी में सलेक्शन पाइंट के पास ड्राइवर को दबंगों ने सरेशाम गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने युवक को खतरे से बाहर बताया। पुलिस ने घायल के परिजनों की ओर से मामला दर्ज कर कार्रवाई शुुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उन्हे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उधार लिए थे रुपए
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुलाशेरपुर के रहने वाला 28 वर्षीय मिथुन सागर पुत्र ननकू लाल प्राइवेट कार चलाता है। मिथुन ने बताया कि उसने चार माह पहले संजय नगर के सोनू लभेड़ा से 10 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे। कुछ पैसे वह दे चुका है। लेकिन मां के बीमार रहने की वजह से वह कुछ पैसे नहीं दे पाया है। आज वह मॉडल टाउन किसी काम से जा रहा था। इसी बीच मोनू लभेड़ा और सोनू लभेड़ा दो बाइक से अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया। पैसों लेकर हुई कहासुनी के दौरान आरोपित मोनू लभेड़ा ने गोली मार दी।

गोली मार दो, पैसे नहीं है
निजी में भर्ती मिथुन ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने उसे अपने साथियों के साथ घेर लिया। इस दौरान आरोपित जबरन पैसे मांगने लगे। मिथुन ने कहा कि मां बीमार है। पैसे फिलहाल नहीं है। इस दौरान आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होने कहा कि गोली मार देंगे। इस पर मिथुन ने कहा कि गोली मार दो फिर भी पैसे नहीं दे पाएगा। इस पर आरोपितों ने मिथुन को गाली मार दी। मिथुन ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपितों से मजबूरी में दस प्रतिशत ब्याज पर पैसा लिया था। उसने बताया कि काफी पैसे वह दे चुका है। इसके कुछ पैसा आरोपितों का रह गया है। इस पर वह ब्याज ले रहे हैं। उसने यह भी बताया कि उसकी मां के लीवर में इंफेक्शन है। जिस वजह से उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। यही वजह है कि उसने ब्याज पर पैसा लिया था। बीते दिनों उसने मां की हालत खराब होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से आज उसकी मां को डिस्चार्ज कराना था।

पैसों के विवाद में युवक को गोली मारी गई है। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टर ने बताया है कि उसकी हालत खतरे से बाहर है। आरोपितों के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।
संदीप सिंह, सीओ प्रथम