बरेली (ब्यूरो)। एक युवक ने भाजपा ज्वाइन करने पर बसपा के तौफीक प्रधान पर साथियों पर फायरिंग और हमला करने का आरोप लगाया है। हमले में घायल हुए तीन लोगों को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में देर शाम समझौता होने की चर्चा होती रही।

चल रही थी रंजिश

बारादरी के पशुपति विहार कॉलोनी के रहने वाले मोहम्मद फारूख जरी का काम करता है। मो। फारूख ने बताया कि तौफीक प्रधान के साथ बसपा में शामिल हुआ था। इसके बाद से ही काफी समय तक उसने बसपा का राजनीति तौफीक प्रधान के साथ मिलकर की। लेकिन कुछ समय पहले भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर उसने बसपा छोडक़र भाजपा ज्वाइन कर ली थी। आरोप है कि इसी से तौफीक प्रधान रंजिश मानने लगा था। युवक ने बताया कि तीसरी बार मोदी सरकार का नारा लगाकर उसने क्षेत्र में पोस्टर लगाए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद से ही वह पार्टी को प्रचार कर रहा था। आरोप है कि इसी को लेकर तौफीक प्रधान उससे रंजिश मानने लगा। कुछ समय पहले तौफीक प्रधान ने भाजपा के पोस्टर फाड़ दिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपित प्रधान तौफीक प्रधान ने अपने साथी चांद कुरैशी और फतेहगंज पूर्वी के पंखिय गिरोह के सदस्य के साथ मिलकर हमला कर दिया। आरोप है कि चालक हुए इस हमले में मोहम्मद फारूक के घर पर फायरिंग कर दी। इसका विरोध करने पर आरोपितों ने दोबारा फायरिंग करते हुए चाकू लाठी डंडे से हमला कर दिया। जिसमें मोहम्मद फारूख, इसरार और शिबू गंभीर रूप से घायल हो गए।

मोहल्ले में मचा हडक़ंप

देर रात हुई घटना के बाद मोहल्ले में हडक़ंप मच गया। घटना की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पातल में भर्ती कराने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पशुपति विहार कॉलोनी में तौफीक प्रधान और उनके पड़ोसी फारूख अंसारी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें मारपीट होने पर दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए है। इसमें फायरिंग की बात की पुष्टि नहीं हुई है। बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्जकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- अनीता चौहान, सीओ थर्ड