बरेली : एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सुबह उस की लाश इज्जतनगर रेवले स्टेशन के सामने निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टॉप के कैंपस की झाडिय़ों में बरामद हुई थी। इस पर क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। सूचना पर इज्जतनगर पुलिस के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका की बेटी की ओर से एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

छोड़ गया था पति
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के शिवनगर लालपुर की रहने वाली सुनीता देवी पत्नी महेश कुमार कश्यप हाल में इज्जतनगर रेवले स्टेशन के सामने बन रहे निर्माणाधीन रोडवेज बस अड्डे परिसर में रह रही थी। महिला इस निर्माणाधीन बस अड्डे में काम करती थी। सुनीता के साथ उसकी दो बेटी पूजा और कीर्ति रहती थी। पुलिस के अनुसार सुनीता का उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चलने लगा था, जिसका पता उसके पति को चल गया था। इसकी जानकारी होने पर दोनों में विवाद हुआ था। कई बार पति ने पत्नी को समझाने की कोशिश भी की थी। इसके बावजूद वह नहीं मानी थी। इसके बाद उसका पति उन सब को लेकर बरेली आ गया था। इसके बाद भी उसके अपने प्रेमी के साथ अवैध संबंध जारी रहे। इसी के चलते पति महेश कुमार उसे दोनों बेटियों के साथ छोड़ कर बाहर चला गया।

बॉक्स : प्रेमी पर कराई थी एफआईआर
पुलिस की जांच में सामने आया है कि बीते साल आठ जून को महिला ने आरोपित प्रेमी अशोक व उसके बहनोई मुकेश पर गैंग रेप करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर भी लिखाई थी। उस मामले में पुलिस ने मुकेश को अरेस्ट कर कोर्ट में प्रस्तुत किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। महिला ने कोर्ट में हुए बयान में भी एफआईआर में कही गई बातें रिपीट कीं। इस पर पुलिस ने अशोक पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया, लेकिन अब वह अचानक उसके बचाव में आ खड़ी हुई। एफिडेविट भी दिए, लेकिन कोर्ट में उसके द्वारा दिए गए धारा 164 के बयानों में आरोपों के समर्थन के चलते पुलिस ने आरोपित का वारंट ले लिया। इस बीच आरोपित ने महिला का खून कर डाला।

सोती रहीं बेटी
एफआईआर में मृतका की बेटी ने बताया कि थर्सडे की शाम निर्माणाधीन रोडवेज बस अड्डे पर अशोक उसकी मम्मी के पास आया था। इस दौरान दोनों बहनें खाना खाने के बाद साने चली गई थीं। बाहर टीन के नीचे मम्मी और अशोक आपस में किसी बात पर झगड़ा कर रहे थे। इस दौरान दोनों बहनें सो गईं। सुबह पूजा की आंख खुली तो सुनीता लापता थी। काफी तलाशने के बाद भी मां का कुछ पता नहीं लग सका। इसके बाद वह नल के पास गई। वहां पानी भरते समय उसने देखा कि पेड़ों की झाडिय़ों में उसकी मां की लाश पड़ी हुई है, जिसे देख पूजा ने लेबर की मदद से ठेकेदार को घटना की जानकारी दी। इस पर ठेकेदार पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचा। इज्जतनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि आरोपित ने बेल्ट से महिला का गला दबाया था। उस के गले पर निशान मिला है।

अवैध संबंध में हुई हत्याएं
केस 1
पत्नी को जिंदा जलाया
अवैध संबंध होने के शक में शाही थाना के खेऊ गौटिया के रहने वाले नेपाल सिंह ने पत्नी के साथ मारपीट की थी। पत्नी को मरा जान कर उसने खुद को बचाने के लिए उसे जुआल के ढेर में फेंक कर आग लगा दी थी ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके। ग्रामीणों के सामने पति ने पत्नी की शिनाख्त कर दूसरे युवक पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद जांच पड़ताल में पूरे मामले का खुलासा हुआ था।

केस 2
बेहोश कर रेलवे टै्रक पर फेंका
फतेहगंज पूर्वी के टिसुआ की रहने वाली आरती के उसके भांजे मानवेंद्र से अवैध संबंध हो गए थे। इस दौरान उसका पति रामवीर बाधा बन रहा था। इसके बाद योजना बनाकर कर मानवेंद्र ने रामवीर को अपने दोस्त के साथ मिल कर शराब पिला कर बेहोश कर दिया था। इसके बाद उसे रेलवे ट्रेक पर फेंक दिया था। शिकायत पर जांच पड़ताल में कड़ी से कड़ी जुड़ी तो पुलिस ने खुलासा कर तीनों को जेल भेजा था।

कनपटी पर गोली मारकर हत्या
भुता क्षेत्र के गांव चकरा के रहने वाले जगपाल की शादी को 15 साल हो गए थे। उनके छह बच्चे थे। जगपाल को शक था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अवैध संबंध है। इसको लेकर अक्सर उन दोनों में विवाद होता था। 24 अप्रैल 2023 की रात भी दोनों में विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने पत्नी मिथिलेश की दाहिनी कनपटी पर गोली मार कर उसकी हत्या कर दी थी।

वर्जन
महिला की हत्या की गई है। बेटी की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपित को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उसे अरेस्ट कर कर जेल भेज दिया जाएगा।
घुले सुशील चन्द्रभान, एसएसपी