बरेली (ब्यूरो)। पत्नी से विवाद के बाद पति ने आत्मघाती कदम उठा लिया। झगड़े के बाद वह घर से निकल गया और खेत में जाकर पेड़ में फंदा डाल उससे लटक कर जान दे दी। सुबह में राहगीरों ने जब शव देखा तो सनसनी फैल गई। जिसने भी सुना वह उस ओर दौड़ पड़ा। पता चलने पर परिजन भी वहां पहुंच गई। इस बीच किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की तो मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का निकला। एसपी देहात ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और वहां से सैंपल्स इकट्ठा किए।

यह है मामला
देवरनिया के गुलाबनगर निवासी रामभरोसे कान साफ करने का काम करता था। उसके पांच पुत्रियां और तीन पुत्र हैं। पुलिस ने बताया कि रामभरोसे का पत्नी मैना देवी से आए दिन विवाद होता था। करीब तीन साल पहले भी वह विवाद के बाद भोजीपुरा मायके चली गई थी। उसके बाद मायके वालों ने दोनों के बीच फैसला करा दिया तो मामला शांत हो गया, लेकिन दोनों के बीच झगड़े बंद नहीं हुए। 15 दिन पहले रामभरोसे की पत्नी झगड़े के बाद फिर मायके चली गई थी। मंगलवार रात को ही वह लौटकर आई थी। दोनों में सुलह की जगह फिर झगड़ा हो गया। इसके बाद रामभरोसे मंगलवार शाम को करीब पांच बजे घर से निकल गए। आधी रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो स्वजन ने तलाशना शुरू किया, मगर उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह गांव के लोग खेतों की ओर गए तो उन्होंने रामभरोसे के शव को पेड़ से लटका हुआ देखा। स्वजन को सूचना दी गई। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दुपट्टा से लटका था शव
विवाद के बाद रामभरोस घर से एक दुपट्टा लेकर निकले थे। उसी से उन्होंने फंदा लगा लिया। देवरनिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र ङ्क्षसह धामा ने बताया कि स्वजन और आस-पास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।