बरेली (ब्यूरो)। बाली उमर की अनीता (परिवर्तित नाम) के इश्क की कहानी राजकुमारी शीरी और फरहाद से कम नहीं है। जैसे शीरी के पिता फरहाद से शादी के लिए रजामंद हो गए थे। उस ही तरह अनीता के परिजन भी उसकी अशोक (परिवर्तित नाम) से शादी करने के लिए राजी हो गए थे, लेकिन प्रेम के बैरी लोगों ने इस रिश्ते को आगे नहीं बढऩे दिया। जिस तरह शीरी ने झूठी खबर पर खुदकुशी की थी, ठीक इस ही तरह अनीता ने भी अशोक की हत्या की झूठी खबर पर जान दे दी। फ्राईडे की नाइट में अनीता का शव फंदे से लटका मिला था।

शादी में थी अड़चन
थाना बारादरी क्षेत्र के संजयनगर होली चौराहा की रहने वाली महिला ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी अनीता कक्षा 11 की छात्रा थी। अनीता की दोस्ती जोगी नवादा की गोसाई गौटिया के 17 वर्षीय अशोक से हो गई थी। अशोक भी कक्षा 11 का छात्र था। इसके साथ ही वह तुलाशेरपुर में सैलून चलाता था। दोनों में दोस्ती के बाद एक दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया था। अशोक के घर वालों ने अशोक और अनीता की शादी की बात की थी, लेकिन दोनों की शादी के बीच में बाली उमर रोड़ा बन गई। तय हुआ कि दोनों के बालिग होने पर उनकी शादी करा दी जाएगी। इसके बाद से ही अनीता और अशोक बालिग होने का इंतजार कर रहे थे।

बैर रखते थे प्रेम के बैरी
इधर दोनों के परिजन तो उनके रिश्ते को लेकर सहमत थे, लेकिन मुहल्ले के कुछ लोगों को यह संबंध रास नहीं आ रहा था। वे इसके विरोध में थे। आरोप है कि ऋतिक ठाकुर, आकाश ठाकुर, लकी लभेड़ा और हिमांशु उन दोनों का रिश्ता होने के बाद से ही बैर मानते थे। फ्राईडे की रात आठ बजे अशोक तुलाशेर में अपना सैलून बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। आरोप है कि इस ही दौरान आरोपित तमंचा, चाकू और डंडे लेकर दुकान में घुस आए और उसके साथ बुरी तरह मारपीट करने लगे। सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल और 10 हजार रुपए भी लूट लिए। इसके बाद उसे संजयनगर में डेयरी के पास ले गए, जहां उसे फिर पीटा। इस दौरान आरोपित उसे मरा जानकर छोड़ गए। होश आने के बाद किसी तरह अशोक घर पहुंचा, जहां वह परिजनों को आपबीती बताकर फिर बेहोश हो गया। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार आया।

लूट के मोबाइल से हत्या की खबर
आरोपितों ने अशोक के लूटे हुए मोबाइल से रात में ही अनीता को कॉल की। कॉल पर आरोपितों ने कहा कि उन्होंने अशोक को जान से मार दिया है। यह सुनते ही अनीता सदमे में आ गई। वह प्रेमी की हत्या की खबर सहन नहीं कर पाई और फ्राईडे की रात में साढ़े दस बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस बावत देर रात अनीता के घर वालों को जानकारी हुई, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। लीड : बाली उमर का इश्क, झूठी खबर और खुदकुशी की खबर पर बारादरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपित फरार, हिरासत में करीबी
पुलिस ने अनीता की मां की तहरीर पर ऋतिक ठाकुर पुत्र गुड्डू ठाकुर, आकाश ठाकुर, लकी लभेड़ा और हिमांशु के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने मारपीट में चोटिल अशोक का मेडिकल भी कराया। पुलिस ने आरोपितों के एक करीबी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

फफक-फफक कर रोया अशोक
सैटरडे की शाम को संजयनगर शमशान भूमि में अशोक को अनीता के अंतिम दर्शन कराए गए। इस दौरान वह खुद के आंसू नहीं रोक पाया। मृतका के ताऊ ने शव को मुखाग्नि दी। इस दौरान अशोक बहुत रोया। वह एक बार बेहोश भी हो गया। उसके आंसू देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो चुकी थीं।

छात्रा के सुसाइड के मामले में हम मौके पर गए थे। कुछ लडक़ों ने छात्रा के दोस्त को पीट दिया था। इसकी जानकारी होने पर छात्रा ने सुसाइड कर लिया था। आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
-अनीता चौहान, सीओ थर्ड