- गिरोह की मदद से वारदात को देती थी अंजाम, झूठे मुकदमे में फंसाने की देती थी धमकी

- तीन आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सरगना महिला व उसका एक अन्य साथी फरार

बरेली : हनी ट्रैप का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इज्जतनगर की रहने वाली एक महिला हनी ट्रैप में लोगों को फंसा रंगदारी वसूलती थी। शिकायत की बात पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। यहीं नहीं गिरोह की सरगना महिला अपने चार साथियों की मदद से हनी ट्रैप में फंसे युवक की पिटाई भी कराती। हनी ट्रैप में न फंसने वाले को काम के बहाने घर बुलाती फिर दुष्कर्म के आरोप का डर दिखाती। गिरोह का राजफाश तब हुआ जब रविवार को इज्जतनगर पुलिस ने महिला सरगना के तीन साथियों राजेश सक्सेना निवासी बल्ली शीशगढ़, श्रीपा सिंह निवासी अगरास फतेहगंज पश्चिमी व सुनील कुमार निवासी जाम मीरगंज को गिरफ्तार किया। सरगना महिला व उसका एक साथी फरार है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया।

ऐसे खुला राज

शीशगढ़ के छंगाटांड के रहने वाले इब्राहीम राज मिस्त्री का काम करते हैं। शनिवार को उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि इज्जतनगर के कर्मचारी नगर पुलिस चौकी के पास रहने वाली महिला शहनाज ने उनके पास फोन कर कहा कि राजेश सक्सेना ने आपके बारे में बताया था। हमें मकान में चुनाई करानी है। मकान दिखाने के बहाने आरोपित शहनाज ने इब्राहीम को बुलाया। इब्राहीम कर्मचारी नगर पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो वहां से शहनाज उसे घर ले गई। किराये पर रहने की बात बताई। इब्राहीम पहुंचे तो वहां पहले से राजेश सक्सेना, श्रीपाल सिंह, सुनील कुमार और हेमंत बैठे थे। देखते ही आरोपितों ने गाली-गलौच शुरू कर दी। शहनाज के साथ अय्याशी का आरोप लगाने लगे। आरोपितों की इस बात पर सरगना शहनाज ने भी हां मिलाई और आरोपितों से पिटाई करा दी। इसके बाद दुष्कर्म के झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये रंगदारी मांगने लगी। जैसे-तैसे आरोपितों के चंगुल से निकलकर वह थाने पहुंचा और इज्जतनगर पुलिस को पूरी कहानी बताई।

दो लाख दस हजार देने का वादा किया तब छोड़ा

महिला सरगना व उसके साथियों की धमकी से घबराए इब्राहीम ने जब सरगना शहनाज से सवाल किया तो उसने कहा कि यह सब हमारे दोस्त हैं। हम इसी तरह से तेरे जैसों को बुलाकर पैसा वसूलते हैं। मुकदमे में नहीं फंसना है तो तीन लाख रुपये चुपचाप दे दो, हम कोई शोर नहीं करेंगे। मुसीबत के समय में इब्राहीम ने समझदारी का परिचय देते हुए दो लाख दस हजार रुपये घर से लाकर देने की हामी भरी। इसके बाद उसने अपने भाईयों इस्माईल व फहीम को सारी कहानी बताई। स्वजन के साथ वह थाने पहुंचा। इसके बाद इज्जतनगर पुलिस ने इब्राहीम की निशानदेही पर घर में दबिश दी तो तीन आरोपित गिरफ्तार कर लिये गए जबकि महिला सरगना व उसका एक साथी फरार है।

महिला का नहीं है पति

इज्जततनगर थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक, महिला का पति नहीं है। पूछताछ में सामने आया है कि च्ह एक बच्चे की मां भी है। अब महिला सरगना शहनाज व उसके एक साथी की तलाश की जा रही है। दोनों के पकड़े जाने के बाद पूरे गिरोह का राजफाश होगा।

महिला सरगना के तीन साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सरगना व उसके एक साथी की तलाश की जा रही है।

- विनोद कुमार, कार्यवाहक थाना प्रभारी