बरेली (ब्यूरो)। बरेली नगर निकाय चुनाव से पहले यहां लोगों से डबल इंजन की सरकार में ट्रिपल इंजन जोडऩे की अपील करने आया था। लोगों ने साथ दिया और ट्रिपल इंजन की सरकार बनी। अब उसी क्रम में यहां के लोगों को 3405 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं देने आया हूं। हमारी पहचान विरासत से हैं, जिसके लिए नाथ कारिडोर का अंतिम स्वरूप तय करना है। इसी विकास, विरासत और विश्वास की गाथा अन्य जिलों में भी उत्तर प्रदेश लिख रहा है। यह बात सीएम योगी ने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए शुरू में कही।

बिना भेदभाव लाभ

बरेली क्लब के मैदान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शहर में कार्यक्रम की वजह बताई। बोले, सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी को मिल रहा है। हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। हमारे यहां घोषणाएं चेहरा देखकर नहीं की जातीं। अगर विकास काशी, प्रयागराज, अयोध्या का हो रहा है तो बरेली का भी होगा। बोले, बरेली में नाथ कारिडोर को फाइनल स्वरूप देने के लिए ही यहां आए हैं। यही हमारी विरासत की पहचान है। अपनी पहचान को स्थान देना जरूरी है तभी वास्तविक समृद्धि होगी। जब तक शहर अपनी पहचान को स्थान नहीं देगा तब तक वह समृद्ध नहीं हो सकता है। इसलिए बरेली की पहचान भगवान शिव को बरेली में विशेष महत्व दिया जाना बहुत आवश्यक है।

पंच प्रण दिलाए याद

उन्होंने कहा कि नाथ कारिडोर को जोडऩे वाले जितने भी महत्वपूर्ण रास्ते हैं, उन्हें स्वीकृति दे दी गई है। यही विरासत का सम्मान है। इसके बाद उन्होंने बटन दबाकर 3405 करोड़ रुपए की 170 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। कहा, अगली बार जब आएंगे तो विभिन्न परियोजनाओं को लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने के लिए मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण गुलाम की मानसिकता से मु1ित, विकसित भारत, विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता और नागरिक कर्तव्य की शपथ भी दिलाई। बोले, पंच प्रण की संकल्पना के साथ आगे बढऩा होगा, तभी विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।