बरेली। शहर में बेटियों का रहना दूभर हो गया है। घर, कॉलेज से लेकर मॉल तक उनसे खुलेआम छेड़छाड़ हो रही है। कोई रोके, तो उस पर बंदूक तान दी जा रही है, पीटा जा रहा है। संडे को ऐसी तीन इंसीडेंट सामने आए।

पहली घटना प्रेमनगर इलाके की है। यहां इंटर की स्टूडेंट का घर से निकलना आफत हो गया है। पीडि़त के मुताबिक मोहल्ले के मोईन, मुशीर और फरमान कॉलेज जाते समय उससे छेड़खानी करते हैं। 27 जनवरी को आरोपियों ने खुलेआम सड़क पर लड़की का हाथ पकड़कर उससे जबरदस्ती की। लड़की किसी तरह वहां से बचकर निकली और घर आई। घरवालों से पूरी बात बताई, तो पिता आरोपियों के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां उन पर ही बंदूक तान दी गई और पीटा भी गया। इसके बाद आरोपी पीडि़त के घर में जबरन घुस गए और उसे किडनैप करने की धमकी देकर तोड़फोड़ की।

इस मामले में पहले तो पुलिस कार्रवाई से बचती रही, लेकिन जब पीडि़त अपने पिता के साथ एसएसपी तक पहुंची, तब तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई।

दूसरी घटना शहर के एक मॉल की है, जहां पंजाब के जालंधर से आई युवती पर दो लड़कों ने बैड कमेंट किए। युवती ने उनका विरोध किया, तो लड़के मारपीट पर उतर आए। मॉल के सेकेंड फ्लोर यह बवाल होता देख भीड़ जुटी। कुछ लोगों ने दोनों लड़कों को घेर कर पकड़ लिया। इस बीच युवती ने पुलिस को फोन किया। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, लेकिन केस अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया।

इंस्पेक्टर इज्जतनगर केके वर्मा ने बताया कि केस दर्ज है। पुलिस मॉल के सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

तीसरा मामला भुता से है, जहां किशोरी से घर के बाथरूम में घुसकर गंदी हरकतें की गई। घटना के समय लड़की की मां स्कूल में खाना बनाने गई थी। इसी बीच आरोपी धर्मेद्र घर की दीवार फांदकर अंदर घुस आया और लड़की से बदसलूकी की। इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।