बरेली (ब्यूरो)। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में 97 दिन में पांचवी महिला का शव मिला है। थाना क्षेत्र के गांव पनवडिया के जंगल में अर्धनग्न अज्ञात महिला का शव मिला है। लाश 36 घंटे पुरानी बताई जा रही है। शव पुराना होने की वजह से कंपोस्ट होने लगा था। सूचना मिलते ही एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान समेत तमाम पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। काफी प्रयास के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

36 घंटे पुराना शव
गांव पंवडिया के रहने वाले किसान देवेंद्र और प्रमोद ने बताया कि वेडनसडे शाम को वह जंगल में खेत पर गए थे। इस दौरान उन्होंने जगदीश के खेत किनारे महिला का शव देखा। बताया कि अंधेरा होने के कारण उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया और घर पर जाकर सो गए। सुबह उन्होंने घटना की जानकारी गांव के ही राजपाल को दी। राजपाल ने प्रधान पति महावीर को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद प्रधान पति महावीर ने पुलिस को जानकारी देकर बुला लिया। जंगल में खेत की मेड़ के पास महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में औंधे मुंह पड़ा हुआ था। जानकारी मिलते ही एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह, सीओ हर्ष मोदी समेत अन्य अफसरों को दी। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंच गई।

गलने लगी थी लाश
फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल के बाद बताया कि महिला का शव कम से कम 36 घंटे पुराना है। इस वजह से शव तेजी से खराब होने लगा था। महिला के चेहरे में कीड़े पड़ गए थे। जिस वजह से उसकी पहचान नहीं हो पाई। किसान प्रमोद का दावा है कि ट्यूजडे को हम धान में खाद डालने गए तो शव वहां पर नहींं था। टीम का कहना है कि हालात बयां कर रहे हैं कि शव 36 घण्टे पुराना है। पुलिस दोनों किसानों को अपने साथ ले गई और उनसे पूछताछ कर रही है।

रेप के बाद हत्या की आशंका
महिला से रेप के बाद उसकी हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। इसकी वजह महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में होना माना जा रहा है। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर महिला का शव मिला है वहां पर घना जंगल है, जिस कारण उधर लोग जाने से बचते हैं।

नहीं मिले संघर्ष के निशान
पुलिस ने बताया कि मौके पर कोई ऐसा क्लू नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि खेत पर महिला की हत्या हुई है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव फेंका गया है। पुलिस ने बताया कि अगर खेत पर महिला के साथ कोई घटना होती तो उसके संघर्ष के निशान जरूर मिलते। यही वजह है कि महिला का शव औंधे मुंह पड़ा मिला है। वहीं एक और किसान का कहना है कि शव वेडनसडे को देखा। तो वहीं पुलिस का कहना है कि शव 36 घंटे से ज्यादा पुराना है।

पैरों में मिली मोटी पाजेब
जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को महिला के पैर में मोटी पाजेब मिली है। इसके साथ ही महिला के हाथों में चूड्यिां भी हैैं। वह हल्के हरे रंग की चित्तीदार साड़ी पहने थी। मृतका की उम्र 45 साल के आसपास बताई जा रही है।

हाथ पर है गोदना
महिला के बाएं हाथ पर गुदना गुदा हुआ है। लिखा है कि श्री जगदीश भाई साहब-श्री शांति देवी बहन। शुरुआती जांच में यह बात स्पष्ट हो चुकी है कि महिला का शव किसी दूसरे स्थान से लाकर यहां फेंका गया है। जेवर आदि सुरक्षित होने पर लूट के अंदेशे से हत्या की बात भी खारिज हो गई। ऐसे में पुलिस बीते तीन दिनों के भीतर संबंधित रूट पर आने-जाने के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इससे सुराग मिलने की उम्मीद है। महिला की उम्र 50 के आस-पास होने का अंदेशा जताया गया है।

महिला का शव दो दिन पुराना होने का अंदेशा है। उसकी पहचान के लिए पुलिस जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश प्रताप ङ्क्षसह, एसपी क्राइम