- नगर निगम में टैक्स का भुगतान चेक से करने वालों के लिए चेतावनी

- चेक बाउंस होने पर देने वाले के खिलाफ की जाएगी कानूनी कार्रवाई

बरेली : नगर निगम में टैक्स के नाम पर फर्जी चेक देने वालों पर अब सख्ती होगी। चेक बाउंस होने पर करदाताओं के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। इस बाबत नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

अफसरों को दिए निर्देश

मौजूदा वित्तीय वर्ष में नगर निगम को टैक्स वसूली का लक्ष्य करीब 50 करोड़ रुपए दिया गया है। साल के शुरुआत से इस बार टैक्स वसूली नहीं हो पाई। इधर अब टैक्स वसूली के लिए नगर निगम ने अभियान शुरू कर दिया है। शहर में करीब डेढ़ लाख करदाता है। नगर निगम ने सभी करदाताओं को नए बिल जारी कर दिए गए हैं। उनसे वसूली भी शुरू हो गई है। कई लोग चेक के माध्यम से टैक्स का भुगतान कर रहे हैं। बीते दिनों नगर निगम में पहुंचे कई चेक बैंक से बाउंस हो गए। इस कारण निगम की टीम को दोबारा करदाताओं तक पहुंचकर टैक्स वसूलना पड़ा, जिसमें अतिरिक्त समय लगा और सरकारी मशीनरी भी। इसे लेकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने करदाताओं को चेतावनी दी है कि अगर किसी का चेक बाउंस होता है तो उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना ने बताया कि टैक्स वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। जो करदाता चेक दे रहे हैं उनसे साफ तौर पर कहा गया है कि पर्याप्त बैलेंस खाते में रखें। चेक बाउंस हुआ तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।