- नवाबगंज के जरैली में पति-पत्‍‌नी के विवाद को लेकर पूर्व प्रधान के घर हो रही थी पंचायत

- फाय¨रग के दौरान लड़की पक्ष के 10-12 लोग हुए घायल, 5 नामजद समेत 7 पर रिपोर्ट

बरेली : नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव जरैली में पति-पत्नी के झगड़े के विवाद को निपटाने के लिए पूर्व प्रधान के घर पंचायत चल रही थी। पंचायत में बात बिगड़ने पर लड़का और उसके स्वजनों ने लड़की पक्ष पर फाय¨रग कर दी। इससे लड़की के पिता और ताऊ की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में पांच नामजद समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गांव में तनाव का माहौल होने के चलते पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है।

तीन साल पहले हुई थी शादी

ग्राम जरैली निवासी हैदर अली ने अपनी बेटी नन्ही बानो की शादी तीन वर्ष पूर्व गांव के ही जकी हैदर के बेटे अजहर के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। इस बीच नन्ही बानो ने बेटी आयत को जन्म दिया। झगड़ों के चलते नन्ही अक्सर अपने मायके में रहती थी। शनिवार को भी किसी बात को लेकर उसके पति अजहर ने उसकी पिटाई कर दी थी। इसी बात को लेकर गांव के पूर्व प्रधान बाबू अली के घर दोनों पक्ष पंचायत के लिए एकत्र हुए। पंचायत के दौरान पति अजहर अली और उसके स्वजनों का नन्ही के घर वालों से विवाद हो गया। इसके चलते पंचों ने पंचायत खत्म कर दोनों पक्षों के लोगों को घर जाने को कह दिया।

घर जाते समय कर दी फायरिंग

नन्हीं के घर के लोग जैसे ही बाहर निकले तभी अजहर और उसके परिवार के कलीम, जैकी अली, मजहर अली, सरवर अली व अन्य ने उन पर ताबड़तोड़ फाय¨रग शुरू कर दी। इसमें नन्हीं के पिता हैदर अली और ताऊ क्षेत्र पंचायत सदस्य गुलाब अली को गोली लगने के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नजफ अली, सबीना, सफी हैदर, अनवार अली, आसिफ अली, शकील हैदर, सुल्तान अली, फरमान हैदर, हुनका बानो, मुनासिर अली व सलाम अली घायल हो गए। फाय¨रग से गांव में अफरा तफरी मच गई। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जानकारी मिलते ही एसएसपी रोहित सिंह साजवाण और एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल थाना पुलिस को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मामले में नन्हीं की ओर से पांच नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

नवाबगंज के जरैली गांव में पंचायत के दौरान हुई फाय¨रग में दो लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं। हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही सभी आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

- रोहित सिंह साजवाण, एसएसपी