- नगर निगम ने मशीनें खरीदने, शेड बनाने का किया टेंडर, संचालन को भी होंगे टेंडर

- कूड़ा हटाने के लिए 1.53 करोड़ से खरीदी जा रही मशीनें, 60 लाख से बन रहा शेड

बरेली : बरसात के बाद बाकरगंज वालों को कूड़े के ढेर से आजादी मिलेगी। शासन स्तर से कूड़ा निस्तारण के लिए प्लांट लगाने से पहले नगर निगम अपने स्तर से वहां कूड़ा निस्तारण शुरू कर देगा। इसके लिए मशीनें खरीदी जा रही हैं और वहां शेड भी बनाया जाएगा।

सात लाख टन कूड़ा डंप

बाकरगंज खड्ड में वर्षों से शहर का सारा कूड़ा फेंका जा रहा है। इस कारण वहां कूड़े के ऊंचे ढेर लग गए हैं। करीब सात लाख टन कूड़ा वहां इकट्ठा हो गया है। इसमें से करीब 80 फीसद कूड़ा मिट्टी बन चुका है। आलम यह है कि अब वहां शहर का कूड़ा डालने की भी जगह नहीं बची है। इस कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम ने प्रयास किए हैं। निगम वहां प्लांट लगाने वाला है। प्लांट लगाने के लिए मशीनें खरीदने और शेड निर्माण का टेंडर निगम ने कर लिया है। प्लांट के संचालन के लिए कंपनी को आमंत्रित किया जा रहा है। बरसात के बाद सितंबर में कूड़ा निस्तारण शुरू होने की उम्मीद है।

दो करोड़ से अधिक खर्च कर रहा निगम

पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि नगर निगम पुराने कूड़े के निस्तारण के लिए करीब 1.53 करोड़ रुपये की मशीनें खरीद रहा है। इसके लिए मेरठ की कंपनी के साथ अनुबंध भी किया जा चुका है। कंपनी वहां ट्रामल, बेलेस्टिक सेपरेटर, थीठ ग्रेव एसकेवेटर, श्रेडर समेत अन्य मशीनें खरीद कर निगम को देगी। इसके साथ ही करीब 60 लाख रुपये खर्च कर वहां शेड बनाया जा रहा है, जिसका टेंडर भी कर दिया गया है। शेड का लेआउट बनाया जा चुका है। जल्द निर्माण शुरू होगा। मशीनों के संचालन के लिए 27 जुलई को टेंडर होंगे।

स्मार्ट सिटी परियोजना से बीस करोड़ मंजूर

बाकरगंज खड्ड में पड़े लाखों टन कूड़े के निस्तारण के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब बीस करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। शासन के निर्देश पर जल निगम की कार्यदायी संस्था सीएनडीएस ने पुराना कूड़ा निस्तारण के लिए हरी-भरी कंपनी को टेंडर कर दिया है। कंपनी भी बरसात के बाद ही प्लांट लगाकर बाकरगंज खड्ड में लगे कूड़े के ढेर का निस्तारण करेगी।

बाकरगंज खड्ड में पड़े कूड़े के निस्तारण को स्मार्ट सिटी परियोजना के साथ ही नगर निगम अपने संसाधनों से भी प्रयास कर रहा है। मशीनें खरीदने, शेड निर्माण का टेंडर हो चुका है। वहां मशीनों के संचालन के लिए भी टेंडर किए जाएंगे। जल्द कूड़ा हटाया जाएगा।

अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त