बरेली (ब्यूरो)। सात माह पहले हुए विवाद के दौरान चप्पल मारने की रंजिश के चलते भमोरा थाना क्षेत्र के गांव गिलौरा में किशोरी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। किशोरी का भाई लखनऊ पीजीआई में भर्ती होने के कारण मां और पिता घर पर नहीं थे। उस की दादी खेत पर गई थीं। इस दौरान हत्यारे मौका देख कर घर में घुसे और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। दादी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

जोगेंद्र को मारी थी चप्पल
भमोरा थाना क्षेत्र के गांव गिलौरा निवासी विजय उर्फ छोटे चार दिन पहले अपने पांच माह के बेटे को लखनऊ हॉस्पिटल लेकर गए थे। चार दिन से विजय और उसकी पत्नी मनीषा लखनऊ में बेटे का इलाज करा रहे हैं। घर पर उनकी 14 वर्ष की बेटी रिया दादी रामसनेही के साथ अकेली थी। मंगलवार को दोपहर दादी किसी काम से खेत पर गई थीं। इस दौरान किसी ने घर पर अकेली रिया की सीने में गोली मार कर हत्या कर दी। खेत से दादी वापस आई तो रिया का शव चारपाई पर रजाई से ढंका पड़ा था। उन्होंने रजाई हटाकर देखा तो रिया की शव देखकर उनकी चींख निकल गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सीओ भमौरा दानवीर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमाट्रम के लिए भेज दिया।

तीन के खिलाफ एफआईआर
मृतका की दादी रामसनेही ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सात माह पहले परिवार के ही जोगेंद्र पुत्र अनोखेलाल, राजीव और राहुल पुत्रगण नरेश से खेत में गाय घुसने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में उसके पुत्र विजय को भी चोट आई थी। तब रिया ने जोगेंद्र को चप्पल मार दी थी। इस बेइज्जती का बदला लेने के लिए जोगिंद्र, राजीव और राहुल ने उस की गोली मार कर हत्या कर दी।

फटे थे कपड़े, रेप की आशंका
किशोरी की दादी रामसनेही ने बताया कि जब वह खेत से वापस आई तो चारपाई पर उन की पोती रिया का शव रजाई से ढका पड़ा था। उन्होंने रजाई हटाई तो उसके कपड़े फटे थे। इस कारण उन्होंने रेप की भी आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने तीनों नामजद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

गांव से चले गए थे आरोपित
पुलिस के अनुसार, सात माह पहले जब दोनों पक्षों में विवाद हुआ था तो आरोपित जोगिंद्र, राजीव और राहुल गांव से चले गए थे। राहुल दिल्ली मे किसी डेयरी पर काम करता था और जोगेंद्र और राजीव कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर में कोई काम करते हैं। विवाद के बाद से तीनों गांव में नहीं आए थे।

वर्जन
भमोरा के गांव गिलौरा में किशोरी की गोली मार कर हत्या की गई। उस की दादी की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट पंजीकृत कर ली गई है। आरापितों की तलाश शुरू कर दी गई है।
-राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात