BAREILLY: अमाया होटल में ट्यूजडे रात आदित्य बिड़ला ग्रुप की एजेंसी मैनेजर के साथ वेटर ने छेड़छाड़ की। बर्तन वापस लेने के लिए कमरे में घुसे वेटर ने मैनेजर से जबरन किस किया और उसके कपड़े फाड़ दिए। वेटर की हरकत से सकपकाई महिला मैनेजर ने ताकत लगाकर उसे धक्का दे दिया और शोर मचा दिया। जिसके बाद मौके पर स्टाफ पहुंच गया। मैनेजर ने तुरंत पुलिस बुला ली। मैनेजर हिम्मत न दिखाती तो शायद वेटर उसके साथ कोई बड़ी वारदात को भी अंजाम दे सकता था। पुलिस ने आरोपी वेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले में अमाया होटल के मालिकान की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। वेटर का पुलिस वेरीफिकेशन भी नहीं कराया गया था।

 

अचानक झपट पड़ा वेटर

लखनऊ के पुराना महानगर की रहने वाली युवती, आदित्य बिड़ला ग्रुप के हेल्थ सेक्शन में एजेंसी मैनेजर हैं। वह कंपनी के काम से ट्यूजडे शाम को बरेली आयी थी। उसने ऑनलाइन अमाया होटल में रूम बुक कराया था। शाम को करीब 7 बजे अमाया होटल पहुंची तो उसे रूम नंबर 212की चाबी दी गई। एजेंसी मैनेजर का आरोप है कि रात में करीब साढ़े 10 बजे वेटर खाना देने आया था। उसके बाद सवा 11 बजे वह रूम से बर्तन वापस लेने आया। गेट ओपन करने पर वेटर अंदर आया और उसके ऊपर झपट पड़ा। जबरदस्ती उसके साथ किस करना शुरू कर दिया और उसके कपड़े फाड़ने शुरू कर दिए। किसी तरह से उसने खुद को बचाया, जिसके बाद तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही यूपी 100 और चौकी चौराहा चौकी इंचार्ज प्रीति पंवार मौके पर पहुंची और वेटर को पकड़ लिया।

 

स्टाफ का नहीं मिला पुलिस वेरीफिकेशन

जब वेटर से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम रवि कुमार बताया। उसकी उम्र 27 वर्ष है। वह बाकरगंज खड्ड का रहने वाला है। उसके परिवार में मां, दो बहन और एक भाई है। भाई मनोज कोका कोला कंपनी में काम करता है। वह म् महीने से होटल में काम कर रहा है। वह करीब ढाई वर्ष पहले भी होटल में वेटर का काम कर चुका है। वेटर ने युवती से किस करने की बात स्वीकार की है। वहीं, पकड़े जाने के बाद वेटर के परिजन उसे छुड़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे। यहां तक मां बेटे को दिमागी रूप से कमजोर भी बताने लगी। जब पुलिस ने होटल मैनेजमेंट से रवि का रिकॉर्ड मांगा तो पता चला कि उसका वेरिफिकेशन ही नहीं कराया गया है। रवि के अलावा होटल का अन्य स्टाफ भी बिना पुलिस वेरिफिकेशन के काम कर रहा है। पुलिस होटल के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती है।

 

होटल में कंपनी की मैनेजर के साथ वेटर ने छेड़छाड़ की है। वेटर का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था। एफआईआर दर्ज कर वेटर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी