बरेली(ब्यूरो)। चांद दिखने के बाद आज से यानि फ्राइडे से माह-ए रमजान की शुरूआत हो गई। लेकिन इस बार महंगाई की रफ्तार ने रोजेदारों का जायका बिगाड़ दिया है। दुकानदारों की माने तो इस बार पिछली बार की अपेक्षा 20 परसेंट तक रेट में इजाफा हुआ है। इससे लोगों की जेब पर एक्स्ट्रा खर्च बढ़ रहा है। वहीं मार्केट में इस बार रोजेदारों को रोजा इफ्तारी के लिए कई तरह के नए-नए आईटम उपलब्ध हैं। जिनकी रोजेदार खूब खरीदारी कर रहे हैं।

खजूर की सबसे अधिक डिमांड
रोजेदार खजूर का सबसे अधिक प्रयोग करते हैं। खजूर में भी कई तरह की वैरायटी उपलब्ध है जिन्हें रोजेदार अपने अपने हिसाब से खरीद रहे हैं। दुकानदारों की माने तो रोजेदारों के लिए 150 रुपए की 500 ग्राम से खजूर की रेंज उपलब्ध है। इसके बाद आगे की रेंज अलग-अलग रेट में उपलब्ध है। जिसको रोजेदार अपने अपने हिसाब से पसंद के अनुसार ले रहे हैं। मार्केट में इस समय जो खजूर उपलब्ध है वह सउदी, इटली, अरेबिया, कुबैत आदि देशों से आई हुई है।

फ्रूट्स के भी बढ़े रेट
नवरात्र की शुरूआत से ही फ्रूट्स के रेट बढ़ गए अब रमजान की शुरूआत होने से रेट आसमान छूने लगे। मार्केट में केला 80 रुपए प्रति दर्जन, अंगूर 80 रुपए किलो, चीकू 120 रुपए किलो, अनार 200 रुपए किलो, तरबूज 80 रुपए किलो, संतरा 80 किलो, पपीता 60 रुपए किलो बिक रहा है। अब रोजेदारों की माने तो रमजान के माह की शुरूआत से ही फ्रूट्स और अन्य खाने पीने के आइटम के रेट बढऩे से मुश्किल बढ़ी है। जिससे रोजा इफ्तार का जायका बिगड़ गया है।

एक दिन पहले तरावीह
रमजान के शुरूआत होने से एक दिन पहले पहले ही मस्जिदों और दरगाह में तरावीह शुरू हो गई। तरावीह रोजेदारों की सहूलियत को देखते हुए अलग-अलग समय में शिफ्टों में रखी गई हैं। वहीं रमजान को लेकर एक दिन पहले मार्केट में बड़ी संख्या में खरीदारों की भीड़ उमड़ी और जमकर खरीदारी की।

बोले दुकानदार
मार्केट में इस बार पिछली बार की अपेक्षा 20 परसेंट तक महंगाई बढ़ी है। जिससे आम लोगों की जेब पर खर्च बढ़ा है। महंगाई रोजा शुरू होने से पहले से बढ़ी हुई है।
सद्दाम

मावा ब्रेड की मार्केट में अधिक डिमांड है इसके साथ शरबत आदि की भी खूब बिक्री हो रही है। गर्मी के कारण तले भुने हुए आइटम की कम डिमांड दिख रही है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार महंगाई बढ़ी है।
मो। साजिद

मार्केट में शरबत आदि की डिमांड के साथ खजला और खजूर की भी खूब डिमांड है। मार्केट में कई देशों से आने वाले खजूर की नई वैरायटी उपलब्ध हैं। जिनको कस्टमर्स खूब पसंद कर रहे हैं।
परवेज आलम

खाने के आइटम और रेट
आइटम पहले रेट अब रेट
फेनी 150- 120 किलो
खजला 160 180 किलो
सेवई 40 60 किलो
रस 80 120 किलो
ब्रेड सूजी 20 25 प्रति पीस


खजूर की वैरायटी और रेट
खजूर पहले अब
कीनिया 120 150 रुपए 500 ग्राम
अजबा 300 350 रुपए 400 ग्राम
कलमी 310 230 रुपए 500 ग्राम
टहनी 160 190 रुपए 500 ग्राम
कलमी गोल्ड 290 350 रुपए 500 ग्राम