-एएसपी की मौजूदगी में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की रहेगी फौज

BAREILLY: अलीगंज के खैलम में सावन की शिवरात्रि की सुबह कांवडि़यों का जत्था विवादित रूट से निकलेगा। कांवड़ के दौरान कोई विवाद न हो, इसके लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एडिशनल एसपी की मौजूदगी में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स के भी जवान तैनात किए गए हैं। वेडनसडे को कांवडि़ये कछला से जल लेकर वापस लौट आए हैं। वहीं भगवान पुर धीमरी में भी टेंशन अभी बनी हुई है। यहां से अब लोग जल लेने फ्राइडे को जाएंगे।

खडं़जा उखाड़ने से गरमाया माहौल

बता दें कि खैलम में पिछले वर्ष कांवडि़यों के निकलने को लेकर विवाद हो गया था। दूसरे पक्ष ने कांवडि़यों पर पथराव कर दिया था। पुलिस को कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाने के लिए करनी पड़ी थी। दोनों पक्षों पर एफआईआर भी दर्ज की गई थीं। इस वर्ष भी सावन शुरू होते ही खैलम का माहौल गरमाने लगा था। पुलिस-प्रशासन ने मीटिंग कर हल निकालने की कोशिश शुरू की तो प्रधान ने विवादित रूट का खड़ंजा निर्माण के बहाने उखड़वा दिया था। उसके बाद से प्रधान गायब हो गया था। जिसके बाद डीएम-एसएसपी अलीगंज थाने गए थे। आईजी भी अलीगंज पहुंचे थे और प्रधान को बुलाया था लेकिन वह नहीं आया था। जिसके बाद फैसला लिया गया कि फोर्स की निगरानी में कांवडि़ये निकाले जाएंगे, ताकि किसी तरह का विवाद न हो। पुलिस ने विवादित रूट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं।