शाही- भिटौरा मार्ग पर एक पेंट कंपनी के कलेक्शन एजेंट को दिनदहाड़े गोली मारकर लूटने का प्रयास किया गया। शाही और फतेहगंज पश्चमी दोनो थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। किसी ने कोई कार्यवाही नहीं की।

मामला शाही-भिटौरा सड़क मार्ग का है। पेंट कंपनी का कलेक्शन एजेंट दीप शेरगढ़ , शाही इत्यादि जगहों से रुपए कलेक्शन करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। खरसैनी की पुलिया के पास पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने बाइक रोकने का इशारा किया। दीप नहीं रुका तो बदमाशों ने फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली दीप के नहीं लगी और बहुत बाल बाल बच गया। पीडि़त बाइक सवार दीप ने अपनी मोटरसाइकिल को दौड़ा दी और आगे जाकर अगरास मोड़ पर तैनात पुलिसकर्मियों को घटना से अवगत कराया। शाही और फतेहगंज पश्चमी दोनो थानों पर सूचना दी गई। घंटों पुलिसकर्मी उस एजेंट को लेकर इधर-उधर घूमते रहे ¨कतु बदमाशों का कोई सुराग न मिला। फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी चंद्रकिरण यादव का कहना है की घटना उनके क्षेत्र की नहीं है। ऐसा ही कहना थाना प्रभारी शाही वीरेंद्र सिंह राणा का भी रहा। ऐसे में पीडि़त दोनों थानों के चक्कर लगाता रहा और किसी ने भी उसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की.सीओ रामा नंद राय ने बताया कि घटना स्थल कहाँ है जांच की जा रही है। जांच के दौरान जिस स्थान का घटना स्थल निकलेगा वही अभियोग पंजीकृत होगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेजेगी।