बरेली (ब्यूरो ) भुता थाना क्षेत्र के गांव मटकापुर में महिला ने पति से झगड़ा होने के बाद घर में सो रहे दो मासूमों की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के समय पति दूसरे मकान में सो रहा था। सुबह को जब पति नाश्ता करने के लिए पहुंचा तो पत्नी को बच्चों के पास रोता देखा तो उसके होश उड़ गए। महिला से जब पूछा तो उसने बताया कि रात को सपने में देवी मां आई थी, और देवी मां के कहने पर उसने दोनों बच्चों को गला दबाकर मार डाला है। इसके बाद महिला के पति की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

शराब को लेकर हुआ था झगड़ा
भुता के गांव मटकापुर निवासी संजीव उर्फ बंटू गंगवार गांव में रहकर मजदूरी करता है। बंटू गंगवार के परिवार में पत्नी जयंती के अलावा दो साल का बेटा बाल किशन और छह माह की बेटी कोमल थी। महिला का आरोप था कि बंटू गंगवार शराब पीने का आदी है। थर्सडे रात को वह शराब पीकर घर पहुंचा तो पत्नी झगड़ा करने लगी, विरोध करने पर फरसा लेकर दौड़ी। इससे पति बंटू गंगवार पत्नी को बच्चों के पास छोड़ पिता के घर पर सोने के लिए चला गया। सुबह को जब वह पत्नी के पास नाश्ता करने के लिए पहुंचा तो देखा पत्नी दोनों बच्चों के शव के पास बैठी रो रही थी। दोनों बच्चों के शव देख पति भी बिलख पड़ा, बंटू गंगवार भी समझ नहीं पा रहा था आखिर दोनों बच्चों को हुआ क्या है। महिला से पूछने पर उसने बताया कि जब वह पिता के घर सोने के लिए चला गया तो उसके सपने में देवी मां आई थी और उनके कहने पर ही उसने दोनों बच्चों का गला दबाकर मार डाला।

सात साल पहले हुई थी शादी
पुलिस पूछताछ में बंटू गंगवार ने बताया कि उसकी शादी सात वर्ष पहले बिहार के जिला हजारी बाग, थाना विष्णुगढ़ के गांव गोविंदपुर निवासी जयंती से हुई थी। शादी के काफी समय बाद बच्चे हुए थे जिसके लिए उसने काफी मन्नत मांगी थी। लेकिन अब उसकी आंखों के तारे दोनों ही बच्चे चले गए। यह कहकर बंटू गंगवार के आंसू थम नहीं रहे थे। वहीं बच्चों के शव को देखकर बच्चों की हत्या करने वाली मां भी रोए जा रही थी।

एसएसपी पहुंचे मौके पर
एक मां अपने ही दो बच्चों का गला दबाकर कैसे हत्या कर सकती है इस बात को जिसने भी सुना वह दंग रह गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के बाद एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और भुता थाना इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों और परिवार से पूछताछ करने के साथ महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पति बंटू गंगवार की तहरीर पर पत्नी जंयती के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

भुता के गांव मटकापुर में एक मां ने दो मासूम बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी है। रात को पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ उसके बाद महिला ने गुस्से में दोनों बच्चों का गला दबा दिया। पति की तरफ से प्राप्त तहरीर पर महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर महिला को हिरासत में ले लिया गया है।
राजकुमार अग्रवाल, एसपी आरए