-बिथरी में 24 घंटे में दो लोगों की हत्या, एक को गोलियों से भूना तो दूसरे को हाइवे किनारे फेंका

-सिरौली में बच्चे का शव नाले में मिला तो सुभाषनगर में महिला को छत से फेंका

बरेली-ताबड़तोड़ हत्याओं से बरेली जिला दहल गया है। 24 घंटे में जहां बिथरी चैनपुर में दो लोगों की हत्या कर दी गई। यहां पर किसान को गोलियों से भून दिया गया तो ई-रिक्शा चालक की हत्या कर शव हाइवे किनारे फेंक दिया गया। दूसरी ओर सिरौली में लापता बच्चे का शव तालाब में मिला तो सुभाषनगर में महिला की छत से फेंककर हत्या का आरोप लगा है। इससे एक दिन पहले नवाबगंज और उससे पहले शेरगढ़ में युवती की हत्या कर शव फेंक दिया गया था। ताबड़तोड़ वारदातों से अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।

केस 1

तीन गोली मारी और हाथ भी काट डाला

डिस्ट्रिक्ट में सबसे सनसनी खेज वारदात बिथरी चैनपुर थाना के अहियापुर गांव में हुई। यहां के 40 वर्षीय किसान विजनेश यादव की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। विजनेश ट्रैक्टर-ट्राली से गेहूं लेकर जेड फरीदपुर में बिक्री करने जा रहा था। गांव से थोड़ी दूर पर रसुइया गांव में एफसीआई गोदाम के पास गांव के परशुराम, अशोक, जीत सिंह, संतोष व सत्येंद्र बाइक से ट्रैक्टर के सामने आ गए। सभी ने विजनेश से कहा कि गवाही देने से मना किया था लेकिन फिर भी गवाही दी और उसके बाद गोलियां दाग दीं। विजनेश के एक गोली सीने व दो पेट में लगी। विजनेश ने जान बचाने की कोशिश की लेकिन वह रोड किनारे बंधे तार में फंस गया। उसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से उसके शरीर पर कई वार किए जिसमें उसका एक हाथ भी कट गया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने नामजद 5 लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।

9 साल से चल रही रंजिश

विजनेश की हत्या रंजिश में की गई है। विजनेश व आरोपी पक्ष में 2011 से विवाद चल रहा है। वर्ष 2011 में विजनेश के चचेरे भाई सत्येंद्र की हत्या चबूतरे पर ट्रैक्टर चढ़ने पर अशोक ने की थी। इस मामले में अशोक, उसका भाई सुनील, सुशील और गुड्डू जेल गए थे। इसी हत्या को लेकर वर्ष 2018 में अशोक के साथी गुड्डू और मुन्नालाल का शव मिला था। इसमें अशोक ने विजनेश व अन्य पर हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने इसे सड़क हादसा मानकर केस बंद किया था। नौ साल पहले सत्येंद्र की हत्या के मामले में अशोक व अन्य जमानत पर हैं। कुछ दिनों पहले ही इस केस में विजनेश और रजनेश ने गवाही दी थी। इसी के चलते हत्या की गई है।

केस 2

हत्या कर शव फेंक दिया

ई-रिक्शा चालक की लूट के बाद हत्या की आशंका

दूसरी हत्या की वारदात भी बिथरी चैनपुर थाना अंतर्गत फ्राइडे रात हुई। यहां पर इटौआ बेनीराम गांव स्थित हाइवे किनारे एक ढाबे के पीछे युवक का शव खून से लथपथ मिला। पुलिस ने शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। युवक की पहचान जोगी नवादा बारादरी निवासी ई-रिक्शा चालक कमल के रूप में हुई। वह फ्राइडे सुबह घर से ई-रिक्शा चलाने के लिए निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट और गले में कट का निशान मिला है।

ई-रिक्शा से बैट्री गायब

परिजनों के मुताबिक जब कमल रात तक घर वापस नहीं आया तो सैटरडे सुबह उसकी तलाश शुरू की गई। उसका ई-रिक्शा सैटेलाइट पर लावारिश हालत में खड़ा मिला। इसी दौरान सूचना मिली कि कमल का शव मिला है। ई-रिक्शा से बैट्री गायब है। कमल ने तीन दिन पहले ही 28 हजार रुपए की बैट्री डलवायी थी। आशंका है कि बैट्री लूटने के बाद उसकी हत्या की गई होगी और शव को फेंक दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

केस 3

तालाब में मिला बच्चे का शव

तीसरी वारदात सिरौली थाना के बरसेर सिकंदरपुर गांव में हुई। यहां फ्राइडे शाम से लापता बच्चे का शव सैटरडे सुबह तालाब में पड़ा मिला। उसके प्राइवेट पार्ट भी कटा मिला है। जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों को आशंका है कि बच्चे की बलि दी गई होगी। वारदात की सूचना पर एसपी रुरल मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। बच्चे की पहचान 6 वर्षीय बच्चे गुड्डू पुत्र हरदयाल के रूप में हुई है। वह शाम के वक्त गांव के बाग में खेल रहा था लेकिन उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं लगा था। सैटरडे सुबह परिवार के कुंवरसेन ने उसका शव तालाब में पड़ा देखा। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। हरदयाल क आरोप है कि चार साल पहले उनके बड़े भाई की भी गोली मारकर हत्या की गई थी। जिसमें गांव के 4 लोग शामिल हैं। पुलिस रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी प्राइवेट पार्ट कटा होना पाया गया है।

केस 4

छत से फेंककर हत्या का आरोप

चौथे मामले में सुभाषनगर थाना के शांति विहार में महिला की छत से फेंककर हत्या करने का मामला सामने आया है। महिला के मायके वालों ने पति व ससुराल वालों पर आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम हाउस के पास महिला के परिजनों ने उसकी पति की जमकर पिटाई भी कर दी, जिसके बाद वह मौके फरार हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत होना पाया गया है। वहीं पति का कहना है कि छत से गिरने से महिला की मौत हुई है। संभल के मुंशी नगर निवासी कालीचरण की बेटी रचना की शादी वर्ष 2016 में शांति विहार निवासी दिजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ सुजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ आशू से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि आशू व उसके परिवार वाले दहेज में दो लाख रुपए की डिमांड करते थे। इसी के चलते उसकी हत्या की गई है। रचना की बहन रानी के पास रात में फोन आया था कि रचना छत से गिर गई है लेकिन बताया कि ज्यादा चोट नहीं लगी है, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली।

केस 5

महिला की हत्या की कोशिश

वहीं एक अन्य मामले में फतेहगंज पश्चिमी थाना के मढ़ोली गांव में फ्राइडे रात 50 वर्षीय इंद्रवती की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की कोशिश की गई। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इंद्रवती के मुताबिक आरोपी उनके घर में मेन दरवाजा खोलकर घुसा था। उसने पहले गला दबाने की कोशिश की और फिर हथियार से हमला बोल दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।