- बरेली के सिविल लाइंस एरिया में मंदिर के घंटे से लटकता मिला शव

- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या का खुलासा

बरेली। सिविल लाइंस में मुख्य डाकघर के पास एक मंदिर के किशोर साधू का शव मंडे सुबह मंदिर के ही घंटे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पहले तो किशोर साधू के आत्महत्या की बातें सामने आ रही थी। लेकिन देर शाम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई तो सभी सन्न रह गए। रिपोर्ट के मुताबिक दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद शव को घंटे से टांग दिया गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं शहर में वर्षो से चले आ रहे मंदिर के संपत्ति विवाद से भी इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है।

लॉकडाउन के दौरान आया था किशोर

कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस में बड़े डाकखाने के पास स्थित दुर्गा मंदिर में पिछले कुछ समय से मूल रूप से दिल्ली के बेगमपुर के रहने वाले 15 वर्षीय विजय गिरी सेवादार के तौर पर रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक विजय पिछले साल लॉकडाउन के दौरान शहर आए थे और आसरा ना होने के कारण सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी गब्बर गिरी के पास मदद मांगने पहुंचे थे। इस पर उन्होंने विजय को दुर्गा मंदिर में रुकवा दिया था। जो कि उस समय खाली पड़ा था। यहां रहकर विजय साफ सफाई और पूजा पाठ भी करने लगे थे। यहां उन्हें चेतन गिरी का नाम भी दिया गया था। पुलिस के मुताबिक मृतक के माता-पिता की मौत हो चुकी है। हालांकि उनकी मौत के बारे में अभी पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं मौके से मिले आधार कार्ड में साधू का नाम विजेंद्र गिरी लिखा हुआ है।

खाना बनाने नहीं पहुंचा तो देखने गए थे बाबा

हनुमान मंदिर के पुजारी बाबा गब्बर गिरी ने बताया कि विजय रात में मंदिर पर उनके लिए खाना बनाने भी आते थे। लेकिन संडे रात वह मंदिर नहीं पहुंचे। उन्होंने थोड़ा इंतजार किया, लेकिन प्रमुखता से मामले को नहीं देखा। इसके बाद मंडे सुबह वह विजय को देखने दुर्गा मंदिर पहुंचे तो वहां दरवाजे अंदर बंद मिले। आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। उनके मुताबिक पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो विजय का शव मंदिर के ही घंटे से चुनरी के फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव उतरवाकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण

कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज पंत और फॉरेंसिक टीम ने काफी देर तक मौके पर जांच की। इस दौरान मंदिर में न तो कोई संघर्ष के निशान मिले और न ही किसी अन्य के हाथ-पैर के निशान मिले। इसके चलते पुलिस इसे खुदकुशी ही मान रही थी। लेकिन पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि के बाद माना जा रहा है कि हत्या के बाद वहां से सबूत मिटा दिए। पुलिस अब दोबारा मंदिर में जाकर बारीकी से साक्ष्य जुटाएगी।

शराबियों से हुई थी कहासुनी

पुलिस ने घटना के बाद आसपास के लोगों ने पूछताछ की तो कुछ अहम जानकारियां भी मिली। पुलिस के मुताबिक लोगों ने बताया कि बीते सैटरडे को चेतन गिरी का विवाद शराब पीकर झगड़ा कर रहे कुछ लोगों से हो गया था। वह झगड़ा कर रहे लोगों का विरोध करते हुए उन्हें वहां से जाने को कह रहे थे। इतना ही नहीं नौबत मारपीट तक भी आ गई थी। इस पर आसपास के लोगों ने बीच बचाव कराया था। अब पुलिस उन झगड़ा करने वालों की भी तलाश कर रही है।

सिविल लाइंस स्थित एक मंदिर में किशोर का शव घंटे से टंगा मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की बात सामने आई है। सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी