- नगर निगम ने बकाएदारों के खिलाफ शुरू की कार्रवाई

- टैक्स जमा करने पर चार प्रतिष्ठान खोल दिए, दी हिदायत

बरेली : टैक्स नहीं जमा करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। फ्राइडे को नगर निगम की टीम ने बदायूं रोड और परसाखेड़ा के पांच प्रतिष्ठान सील कर दिए। इसके बाद बकाएदारों ने टैक्स जमा कराया तो चार प्रतिष्ठानों की सील खोल दी गई। नगर निगम बकाएदारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के मूड में है।

इन पर हुई कार्रवाई

वित्तीय वर्ष समाप्त होने के चार महीने बचे हैं। ऐसे में अब तक नगर निगम में संपत्ति कर की वसूली नहीं हो पाई है। टैक्स के कलेक्शन के लिए नगर निगम ने बड़े बकाएदारों की सूची तैयार की है। उनसे टैक्स वसूली के लिए अभियान शुरू कर दिया है। फ्राइडे को कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने पहले बदायूं रोड स्थित तीन दुकानों पर छापेमारी की। वहां करीब सवा लाख रुपये बकाया होने पर अजंता स्वीट्स, तीन लाख के बकाए पर श्रीराम प्लाईवुड और 8.51 लाख रुपये बकाया नहीं देने पर अमन डिपार्टमेंटल स्टोर को सील कर दिया। इस पर व्यापारियों ने विरोध किया। उन्होंने सीवर लाइन नहीं होना बताया। इसके बाद अजंता स्वीट्स ने एक लाख, श्रीराम प्लाईवुड से दो लाख रुपये टैक्स जमा होने पर उनके प्रतिष्ठान खोल दिए गए। अमन डिपार्टमेंटल स्टोर ने टैक्स जमा नहीं किया। इसके बाद टीम सीबीगंज स्थित पिनाकी होटल पहुंची। होटल संचालक ने 8.66 लाख रुपये का चेक जमा करा दिया। वहां से टीम परसाखेड़ा स्थित चाउमिन, कचरी सोया की फैक्ट्री पप्पू स्वीट्स पर पहुंची। दो भाइयों पर 5.57 लाख व 9.50 लाख रुपये टैक्स बकाया था। उन्होंने कुछ दिन पहले निगम को चैक दिए थे जो बाउंस हो गए थे। टीम के पहुंचने पर उन्होंने नए चेक दे दिए।

ये रहे टीम में मौजूद

टीम में कर अधीक्षक आरपी सिंह, शिप्रा गुप्ता, शिखा त्रिवेदी, रवि आदि मौजूद रहे।