- नगर निगम ने शुरू किया एक पौधा अपनों के नाम अभियान, 36100 पौधरोपण का लक्ष्य

- कोरोना काल में अपनों से हमेशा के लिए बिछड़े लोगों की याद में लगाया जाएगा पौधा

बरेली : वैश्रि्वक महामारी कोरोना ने तमाम लोगों को चपेट में ले लिया। लोगों से उनके अपने हमेशा के लिए बिछड़ गए। उनकी याद में अब पौधरोपण कराया जाएगा। पौधे को उनका नाम देकर दिवंगत का नाम अमर किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने अभियान शुरू कर दिया है। दिवंगत के स्वजन उस पौधे की देखभाल करेंगे।

इतना है लक्ष्य

नगर निगम को इस बार शहर में 36 हजार से अधिक पौधरोपण करना है। इस अभियान की शुरुआत निगम ने कर दी है। पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन के अपर मुख्य सचिव ने बरेली सहित तमाम नगर निगम, नगर पालिकाओं को एक पौधा अपनों के नाम थीम पर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि अभियान का मकसद कोरोना काल में दिवंगत लोगों की याद में पौधे लगाना है। शहर के पाकरें से लेकर कॉलोनी, सोसाइटी और घरों में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की याद में पौधारोपण के लिए अपील की जा रही है। जिन परिवारों ने इस संक्रमण के कारण अपनों को खोया है, वे उनकी याद में निगम के अभियान में शामिल हो सकते हैं। वह अपने दिवंगत हुए स्वजन के नाम का पौधा लगाएंगे। पौधों के साथ ही नाम पट्टिका व ट्री गार्ड भी लगाया जाएगा। उन्हें भी पौधों की देखभाल करनी होगी। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में निगम के सात कर्मचारी दिवंगत हुए। उनकी याद में निगम पौधरोपण कराएगा। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद का कहना है कि निगम ने पौधरोपण अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान से जुड़ने के लिए लोगों से अपील की जा रही है। इस बार भी हजारों पौधे शहर में लगाए जाएंगे।