मंडल में कहां कितने तिरंगे

जनपद बरेली : 9.80 लाख
जनपद पीलीभीत : 4.35 लाख
जनपद बदायंू : 7.39 लाख
जनपद शाहजहांपुर : 2.67 लाख


विभाग लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग 24,000
निर्माण विभाग 33,000
जलकल विभाग 19,000
उद्यान विभाग 8,000
संपत्ति कर विभाग 20,000
राजस्व विभाग 15,396
प्रकाश विभाग 15,000

बरेली(ब्यूरो)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के सरकारी से लेकर निजी संस्थानों तक के भवन तीन रंगों की लाइट्स से जगमगाते हुए नजर आए। शहर की कुछ ऐतिहासिक इमारतें इस तरह से जगमगा रही थीं मानो देश का गौरवशाली इतिहास बता रही हों। इनमें नगर निगम की ऐतिहासिक बिल्डिंग हो या फिर जिला अस्पताल की इमारत, इन सबकी रौनक देखते ही बन रही थी। शासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को गरिमामयी रूप से मनाए जाने को लेकर विस्तार से निर्देश एवं कार्य योजना जारी की गई थी। इसको लेकर अधिकारियों द्वारा कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए मंडल के सिटीजंस से अपील भी की गई थी। इसलिए जिले के अधिकतर घरों की छतों पर शान से तिरंगा फहरा रहा था।

एंट्री प्वाइंट खींच रहा ध्यान
शहर का एंट्री प्वाइंट यानि रेलवे जंक्शन की रौनक स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देखते ही बन रही थी। यहां पर आने वाले कुछ यात्री देर तक बिल्डिंग की डेकोरेशन को निहारते रहे। इसके साथ ही कई लोग सेल्फी लेते हुए भी नजर आए। साथ ही वहां पर शान से फहराते तिरंगे को देखना अलग ही गर्व की अनुभूति करवा रहा है।

नई बिल्डिंग भी हुई रोशन
बीडीए ने समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को तिरंगा स्वयं सेवक के रूप में नामित कर अपने निवास स्थल व आसपास के 10 घरों में झंडारोहण करने के निर्देश दिए थे। 11 जुलाई से प्राधिकरण के कार्यालय व प्राधिकरण की योजनाओं के मुख्य चौराहों को तिरंगा रंग से सजाना शुरू कर दिया गया था। इसके साथ ही उन पर लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। इस अवसर पर बीडीए की नई बिल्डिंग भी जगमगाती नजर आई।

जगमगा रही एतिहासिक इमारत
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम की एतिहासिक बिल्डिंग भी जगमागाती नजर आई। इसकी तैयारी कई दिनों से की जा रही थी। इसके लिए साफ-सफाई से लेकर रंगाई-पुताई का काम भी किया गया है। नगर निगम की ओर से घरों व कार्यालयों में एक लाख 99 हजार सात सौ 96 तिरंंगे लगाने का लक्ष्य तय किया गया था। इसमें निगम के हर विभाग का लक्ष्य नगर आयुक्त द्वारा तय किया गया था। कार्यक्रम को जन आंदोलन का रूप देने के लिए विभाग स्तर से भी लोगों को प्रेरित किया गया। इसके साथ ही शहर में एसएसपी ऑफिस, आईजी ऑफिस, बरेली कॉलेज, एमजेपीआरयू समेत अन्य सरकारी आवास व कार्यालय भी तिरंगा के रंग में रंगे नजर आ रहे थे।

नियमों का भी रखें ध्यान
डीएम ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर कहा कि इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जाग्रत करते हुए स्वतन्त्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान भाव उजागर करना है। साथ ही कहा कि प्रत्येक नागरिक नियमानुसार ही झंडा फहराएं। उन्हांने कहा कि फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झंडे के ऊपर की तरफ होनी चाहिए। झंडे को यदि सरकारी परिसर में फहराया जाता है तो सूर्योदय के बाद ध्वजारोहण किया जाना चाहिए। सूर्यास्त के साथ ही ससम्मान इसे उतारना चाहिए। 11 से 17 अगस्त तक निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाये जाने वाले झंडों को 17 अगस्त के बाद आदर भाव के साथ उतार कर सुरक्षित रखा जाये। केवल विशेष परिस्थितियों में ही झंडा रात्रि में फहराया जा सकता है।

शान से फहराएं तिरंगा
्रडीएम ने बताया 13 से 15 अगस्त तक मंडल के सभी आवासित गृहों, बहुमंजिला आवासीय ईमारतों में संशोधित झंडा संहिता के अनुसार सूती, खादी, ऊनी कपड़ों से बने निर्धारित आकार से मशीन अथवा हस्तनिर्मित झण्डों को फहराया जाये। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार सरकारी/गैर सरकारी कार्यालयों में भी विधिवत झंडा फहराया जाए।