बरेली(ब्यूरो)। मिलिट्री आवास में रहने वाले हवलदार मनोज सेनापति की पत्नी सुदेशना की हत्या पड़ोसी सिपाही ने पत्नी से अवैध संबंधों की वजह से की थी। आरोपित की पत्नी से मनोज सेनापति से अवैध संबंध थे और उसके अश्लील फोटो व वीडियो थे। जिसके चलते मनोज सेनापति उसकी पत्नी को ब्लैकमेल करता था। घटना वाले दिन वह मनोज के घर पत्नी के अश्लील फोटो व वीडियो डिलीट कराने के लिए गया था। उसने सुदेशना पर फोटो डिलीट करने का दबाव बनाया तो उनमें नोकझोंक हो गई। जिसके बाद उसने गुस्से में खुखरी से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

यह था मामला
मूलरूप से पश्चिम बंगाल के 24 परगना जोगिंद्रपुर निवासी हवलदार मनोज सेनापति मिलिट्री के आवास संख्या 52 सी में पत्नी सुदेशना और सात वर्षीय बच्ची के साथ रहा था। सोमवार को उसकी पत्नी की हत्या उसके पड़ोसी सिपाही नितीश पांडेय पुत्र नाथ पांडेय निवासी गांव मझोली थाना सादात जिला गाजीपुर, हाल पता सिग्नल रेजीमेंट यूवी थाना कैंट ने की थी। गुरुवार को कैंट पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वर्ष 2022 में वह अपनी पत्नी के साथ मनोज सेनापति के आवास के पास ही रहता था। तब वह अक्टूबर से दिसंबर तक बाहर ट्रेनिंग के लिया गया था। यहां पर उसकी पत्नी अकेली रहती थी। इसी दौरान मनोज सेनापति के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हो गए। इसी दौरान मनोज सेनापति ने उसकी पत्नी के अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए थे। वापस आने पर उसे पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी हुई तो उसने पत्नी को घर भेज दिया। जिसके बाद मनोज उसकी पत्नी को अश्लील फोटो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था।


महसूस होती थी घुटन
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने कई बार मनोज से फोटो व वीडियो डिलीट करने के लिए कहा लेकिन वह नहीं माना। उसे अंदर ही अंदर घुटन महसूस होती थी। सोमवार की सुबह 11 बजे वह आईबीजीएच कॉलोनी में मनोज सेनापति के घर पहुंचा और उसकी पत्नी सुदेशना पर दबाव बनाया कि वह अपने पति से उसकी पत्नी के अश्लील फोटो व वीडियो डिलीट करा दे। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। जिस पर उसने बैग से खुखरी निकालकर सुदेशना की गला रेतकर हत्या कर दी और वहां से चला आया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त सामान चर्च चौराहे से लाइन जाते समय फेंक दिया।

मृतका ने किया संघर्ष
आरोपित के अनुसार, हत्या से पहले मृतका ने उसके साथ काफी संघर्ष किया था। जब उसने सुदेशना पर पहला वार किया तो सुदेशना उससे भिड़ गई। जिससे उसके शरीर पर नाखूनों के आठ से दस जगह निशान थे। लेकिन उसे इतना गुस्सा था कि शरीर पर नाखूनों से जख्म देने के बाद भी वह उस पर लगातार वार करता रहा।

अपने ही बयानों में फंसा
पुलिस ने बताया कि जब उन्होंने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह अपने ही बयानों से पकड़ा गया। उसने सोमवार को अपने आने-जाने का जो रूट बताया था, जब कैमरे चेक किए तो एकदम उलट था। जिसके बाद पुलिस को पूरा यकीन हो गया कि हत्या उसी ने की है। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और जुर्म कबूल कर लिया।

बोले अधिकारी
सुदेशना के पति मनोज के आरोपित की पत्नी से अवैध संबंध थे। आरोपित घटना वाले दिन मनोज के घर अपनी पत्नी के अश्लील फोटो डिलीट कराने गया था। लेकिन मनोज की पत्नी सुदेशना से उसकी कहासुनी हो गई। जिस पर उसने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार व खून सनी टीशर्ट बरामद कर ली है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
राहुल भाटी, एसपी सिटी