- पुल के निर्माण के चलते सेतु निगम की आसानी को लिया गया फैसला

- कमिश्नर ने सड़क बंद कर काम करने के दिए निर्देश, की गई तैयारी

बरेली : किला से चौपुला चौराहा होकर चौकी चौराहा, कलक्ट्रेट जाने वालों को कुछ दिन राह बदलनी होगी। मंडे से चौपुला चौराहे का मार्ग पूरी तरह वाहनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। कमिश्नर के अनुमति के बाद सेतु निगम ने तैयारी कर ली है। ट्रैफिक पुलिस मार्ग बंद कर देगी, जिसके बाद सेतु निगम का काम तेजी से शुरू होगा।

दो ओर बनेगा ब्रांच पुल

चौपुला चौराहे पर सेतु निगम थ्री लेन पुल का निर्माण करा रहा है। करीब आठ सौ मीटर लंबे पुल के दो ओर ब्रांच पुल भी बनाना है। निगम ने तीनों ओर पिलर बनाकर खड़े कर दिए हैं। मढ़ीनाथ की ओर से पुल की छत बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। इसके चलते बीते करीब एक महीने से वहां मार्ग वन-वे किया गया था। पुलिस लाइंस की ओर से सिटी की ओर जाने वाले वाहन चौपुला चौराहा पर पुराने पुल के नीचे रेलवे कॉलोनी होते हुए मढ़ीनाथ क्रा¨सग के पास से मुख्य रोड को जा रहे थे। अब सेतु निगम का काम चौराहे के पास पहुंच गया है। ऐसे में उसकी मशीनों को वहां आने में दिक्कत हो रही है। इसे लेकर सेतु निगम के अधिकारियों ने कमिश्नर रणवीर प्रसाद से करीब ढाई महीने के लिए चौपुला पुल पर ट्रैफिक बंद करवाने की मांग की थी। कमिश्नर ने जनहित के काम के लिए 75 दिन मार्ग बंद करने की अनुमति दे दी है। इसके बाद सेतु निगम ने वहां काम तेज करने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

इन सड़कों पर बढ़ेगा लोड

चौपुला चौराहा करीब ढाई महीने बंद रहने से वाहनों का लोड शहर की अन्य सड़कों पर डायवर्ट होगा। आईवीआरआई पुल से सौ फुटा, पीलीभीत बाईपास होते हुए बड़े वाहन निकलेंगे। श्यामगंज पुल की ओर से जाने वाले वाहनों की संख्या भी बढ़ेगी। छोटे वाहनों से कुतुबखाना, जसोली से बिहारीपुर वाले मार्ग पर लोड बढ़ेगा। बदायूं की ओर से आने वाले वाहन लालफाटक से आएंगे। सुभाषनगर पुलिया से आने वालों की संख्या भी बढ़ जाएगी।

चौपुला चौराहे पर यातायात बंद कर पुल निर्माण करने की अनुमति मिल गई है। मंडे से वहां ट्रैफिक बंद कर दिया जाएगा। यह मार्ग करीब ढाई महीने तक बंद रहेगा। इसी बीच तेजी से पुल का काम पूरा कराया जाएगा।

देवेंद्र सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम