बरेली (ब्यूरो)। पंच दिवसीय दीपावली का पहला दिन धन त्रियोदशी से आरम्भ होता है। धन त्रयोदशी प्रदोष व्यापिनी कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रियोदशी के दिन मनायी जाती है। बालाजी ज्योतिष संस्थान के पं। राजीव शर्मा का कहना है कि यमदीप दान भी धन्वंतरि जयंती पर प्रदोष कालीन कृष्ण त्रयोदशी तिथि को ही मनाया जाता है। इस बार धन त्रियोदशी 2 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन शुभ फल देने वाला हस्त नक्षत्र पूर्वाह्न 114:5 बजे से आरम्भ होकर अगले दिन तक रहेगा। इस दिन चंद्र का भी संचार कन्या राशि मे होना शुभ रहेगा। गोचर में शुक्र-बुध ग्रह का राजयोग भी बन रहा है जोकि धनतेरस पर कुबेर जी को प्रसन्न करने के साथ व्यापार शुभ कार्यों के आरम्भ करने के लिए भी अतिश्रेष्ठ रहेगा। इस दिन चुर्तमास की समाप्ति होगी। लोहा, चमड़े से बना हुआ सामान, तामसिक सामान आदि न खरीदे और न किसी मित्र को दान करें।

मंगलवार को धन्वन्तरि पूजा मुहुर्त
प्रात: काल 09:17 बजे से 10:45 बजे तक बर्तन एवं आभूषण क्रय मुहुर्त मध्याह्न 12:04 बजे से 1:24 बजे तक एवं अपराह्न 2:47 से 4:09 बजे तक यम दीप दान मुहुर्त सायं काल 5:32 से 6:45 बजे तक प्रदोष काल वेला की निशा मुख में शुभ रहेगा। कुबेर पूजन मुहुर्त रात्रि काल 7:09 बजे से रात्रि 8:47 बजे तक रहेगा।

यह शुभ मुहूर्त
प्रात: 9:17 बजे से अपराह्न 1:24 बजे तक
अपराह्न 2:47 बजे से 4:09 बजे तक
रात्रि 7:09 बजे से रात्रि 8:47 बजे तक
रात्रि 10:25 बजे से रात्रि 12:03 बजे तक

धनतेरस मनाने की विधि
धनत्रयोदशी एक स्वयं सिद्ध मुहुर्त है इस बार विशेष तौर पर शुक्रवार को प्रदोष मासिक शिवरात्रि होने के कारण इस दिन चांदी के आभूषण एवं बर्तन खरीदना शुभ होगा। इस बार विशेष तौर पर चांदी के आभूषण के साथ ताबे का बर्तन खरीदना विशेष शुभ होगा। इस दिन गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति खरीदना भी शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति खरीदने से घर में साल भर धन का आगमन होता रहता है। इस दिन सोने-चांदी के गहने और चांदी के बर्तन खरीदने की भी प्रथा है। लेकिन जो लोग चांदी के बर्तन नहीं खरीद सकते वह अन्य धातुओं से बने बर्तन भी खरीद सकते हैं। इस दिन पीतल के बर्तन खरीदना भी शुभ माना जाता है। पीतल भगवान धन्वन्तरि को प्रिय है, इसलिए ऐसी मान्यता है कि पीतल के बर्तन खरीदने से भगवान धन्वन्तरि प्रसन्न होते है। क्योंकि इस दिन भगवान धन्वन्तरि हाथ में अमृत कलश लिये हुए प्रकट हुए थे। इस दिन बर्तन आदि खरीदना एक विशेष अनुष्ठानिक क्रिया है। धन त्रियोदशी पर किये जाने वाला यह विशेष अनुष्ठान घर में बरकत देने वाला होता है। इसका क्रय शुभ मुहुर्त प्रात: काल 9:17 बजे से अपराह्न 1:24 बजे के बीच में ही करना चाहिए। विशेषकर जब बर्तन खरीदकर घर में लाये तो उसे खाली न लायें। बल्कि उसमें अन्न अथवा धन रखकर लाना चाहिए।

धन त्रियोदशी पर करें दीपदान
स्कन्द पुराण के अनुसार कार्तिक कृष्ण पक्ष त्रियोदशी के प्रदोष काल में यमराज के निमित्त दीप और नैवेध समर्पित करने पर अपमृत्यु अथवा अकाल मौत का नाश होता है। ऐसा स्वयं यमराज ने कहा है। यमदीप दान केवल प्रदोष काल मुहुर्त सायं 5:33 बजे से सांय 06:45 बजे तक ही करें। यमदीप दान के लिए मिट्टी का एक बड़ा दीपक लेकर उसको स्वच्छ जल से धोने के बाद उसमें दो रूई की बत्तियां बनाकर (चौमुखा दीपक) उसे तिल के तेल से भर दें। उसमें कुछ काले तिल भी डालें। प्रदोष काल में तैयार किए गए दीपक का रोली, अक्षत एवं पुष्प से पूजन करें।

-धनत्रयोदशी पर इनका रखें ध्यान
- इस दिन जरूरत वाली वस्तुओं पर ही धन खर्च करना चाहिए।
- इस दिन किसी को भी धन उधार नही दें और न ही धन उधार लें।
- इस दिन दोपहर में धातु के बर्तन एवं सोने चांदी इत्यदि आभूषण क्रय करना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इनके साथ ही घर में लक्ष्मी का आगमन होता है।
-धन त्रयोदशी पर सांयकाल दीपक प्रज्वलित करें तथा पूरे घर में प्रकाश करें।

राशि अनुसार करें खरीदारी
मेष राशि: चांदी के बर्तन एवं इलेक्ट्रानिक सामान खरीदना लाभदायक रहेगा।
वृष राशि: चमकीले वस्त्र चांदी अथवा ताबे के बर्तन खरीदना शुभ रहेगा।
मिथुन राशि : सोने के आभूषण, केसर, वाहन, खरीदना शुभ रहेगा।
कर्क राशि : चांदी के आभूषण सिक्के एवं घरेलू इलैक्ट्रिक सामान खरीदना शुभ रहेगा।
सिंह राशि: ताबें, कांसे के बर्तन, कपड़े एवं सोने की कोई चीज खरीदना शुभ रहेगा।
कन्या राशि: गणेश जी की मरगज की मूर्ति, चांदी का सामान अथवा रसोई का सामान खरीदना शुभ रहेगा।
तुला राशि: सौन्दर्य का सामान, चांदी के बर्तन, सिक्के या सोने का सामान, अथवा सजावटी सामान खरीदना शुभ फलदायक रहेगा।
वृश्चिक राशि: इलैक्ट्रॉनिक उपकरण सोने के आभूषण खरीदना शुभ रहेगा।
धनु राशि: सुघंधित सामान, सोने के सिक्के, आभूषण अथवा सोने का सामान खरीदना शुभ रहेगा।
मकर राशि: वाहन, कपड़े, चांदी के बर्तन, आभूषण खरीदना शुभ रहेगा।
कुंभ राशि: प्रसाधन के सामान, दो पहिया वाहन, सौन्दर्य प्रसाधन का सामान आदि।
मीन राशि: चांदी के सिक्के सोना, चांदी के बर्तन एवं इलैक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदना लाभदायक रहेगा।