- सेतु निगम ने पुल के निर्माण का अंतिम काम भी किया तेज

- थ्री लेन पुल और पटेल चौक की ओर टू लेन पुल होगा शुरू

पुल एक नजर में

लागत : 59.31 करोड़

लंबाई : 1.109 किमी

कार्य शुरू : दिसंबर 2018

कार्य पूर्ण लक्ष्य : जुलाई 2021

प्रगति : 98 फीसद

बरेली : चौपुला चौराहा पर अब जाम की समस्या से लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। सेतु निगम ने पुल निर्माण का अंतिम काम शुरू कर दिया है। मौसम ठीक होने पर रविवार को वहां पुल की सड़क डालने का काम शुरू हो गया। जल्द पुल पर वाहन दौड़ते नजर आएंगे।

2018 में शुरू हुआ निर्माण

चौपुला चौराहा पर सेतु निगम दिसंबर 2018 से ओवरब्रिज का निर्माण करा रहा है। सिटी सब्जी मंडी से चौपुला चौराहे के ऊपर से पुलिस लाइंस तक थ्री लेन पुल का निर्माण करवा रहा है। इसमें एक ब्रांच पुल बदायूं रोड की ओर और दूसरा अयूब खां चौराहे की ओर बनना है। दोनों ब्रांच पुल टू लेन हैं। सेतु निगम ने थ्री लेन पुल और पटेल चौक की ओर के टू लेन पुल का निर्माण लगभग पूरा कर लिया है। आरई वाल और छतें बनाई जा चुकी हैं। सेतु निगम ने पुल की छत पर कोलतार की सड़क डालने का काम रविवार को शुरू कर दिया है। पटेल चौक की ओर से उतरने वाले पुल की एप्रोच पर सड़क डाली गई है। इसके साथ ही सिटी सब्जी मंडी के पास से पुल के ऊपर कोलतार की सड़क बनाई जा रही है। मौसम साफ रहने पर दो दिन में सड़क डालने का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद बीच का थ्री लेन पुल और पटेल चौक की ओर टू लेन पुल पर वाहन दौड़ने लगेंगे।

डीएम ने दिए थे निर्देश

चौपुला पुल का निर्माण कार्य समय से पूरा हो इसके लिए डीएम ने हाल में निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। डीएम ने पुल का निर्माण समय से पूरा कर एक सप्ताह का समय भी दिया था। हालांकि बारिश के चलते कुछ देर जरूर हो गई लेकिन अब जल्द ही पुल का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सकेगा।

मिलेगी राहत

शहर के चौपुला फ्लाईओवर बनने के बाद से बरेलियंस को रामपुर की तरफ जाने के लिए जाम से जूझना नहीं होगा। इसके साथ ही बाईपास या फिर मिनी बाईपास तक चक्कर नहीं लगाना होगा। सीधे शहर से चौपुला पुल होते हुए रामपुर को जा सकेंगे।

पुल का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कर लिया गया है। मौसम खराब होने के कारण कोलतार की सड़क डालने में कुछ समय लगा। वह काम भी शुरू कर दिया है। जल्द पुल पर वाहन निकल सकेंगे।

देवेंद्र सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम