- पिछले चार सालों में जोन में नहीं हुआ संप्रदायिक बवाल

-कुख्यात अपराधियों की जब्त हुई एक अरब से ज्यादा कीमत की संपत्तियां

बरेली। एक ही दिन पर जब दो महत्वपूर्ण त्योहार पड़ते हैं, पुलिस-प्रशासन की टेंशन भी बढ़ जाती है। ऐसे ही इस बार एक ही दिन होली और शव-ए-बारात पड़ने के चलते पुलिस पहले से ही अलर्ट हो गई है। विगत वर्षो का रिकॉर्ड बरकरार रखने के लिए हर साल की तरह इस बार भी जोन स्तर पर कड़ी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एडीजी जोन अविनाश चंद्र ने जोन स्तर पर बैठकें कर सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दे दिए हैं। साथ ही पिछले चार सालों में जोन की पुलिस द्वारा किए गए गुर्ड वर्क का रिकॉर्ड भी साझा किया है।

नहीं हुआ कोई दंगा, शांतिपूर्ण रहे आंदोलन

रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले चार सालों में कोई भी संप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है। साथ ही महाशिवरात्री, होली, दीपावली, रमजान, ईद, मोहर्रम, श्रावण मास समेत अन्य महत्वपूर्ण त्योहार भी शांतिपूर्ण ढंग से हुए। साल 2019 में लोक सभा चुनाव, जम्मू कश्मीर से धारा 370 व 35ए हटाई जाना, रामजन्म भूमि पर कोर्ट के आदेश के बाद बनी विरोधाभास की स्थिति, सीएए-एनआरसी का विरोध, नमामी गंगे योजना में गंगा यात्रा का आयोजन, कोरोना काल में सरकारी की गाईडलाइंस का पालन कराना, कृषि कानूनों पर विरोध जैसी सभी चुनौती पूर्ण परिस्थितियों को पुलिस ने गंभीरता से लेकर कुशलता पूर्वक संपन्न कराया।

मिशन शक्ति ने भरी उड़ान

पिछले साल 17 अक्तूबर को शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत भी पुलिस को बड़ी सफ्लता मिली। छह माह के अभियान के दौरान 1,01,871 स्थानों पर चेकिंग कर 234 अभियोग पंजीकृत कराए और 8,222 के खिलाफ 107-166, 5,082 के खिलाफ शांतिभंग, 397 के खिलाफ गुंडा एक्ट समेत 22,076 के खिलाफ अन्य कार्रवाई करने के साथ ही हजारों से शपथ पत्र भी भरवाए गए। इसके अलावा जोन में 172 थानों पर महिला हेल्प डेस्क का गठन किया गया। वहीं अभियान के फस टू में साइबर थानों में महिला हेल्प डेस्क का गठन, जनपदों में 15 रिपोर्टिग चौकियां और महिला सुरक्षा समिति का गठन किया गया। साथ ही पॉक्सो के दर्ज किए गए 209 वादों में दो आरोपियों को मृत्यू दंड व 38 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा पुलिस ने सख्त पैरवी करके सुनवाई।

महिला अपराध पर लगी लगाम

लव जिहाद रोकने के लिए प्रदेश में लागू किए गए उप्र विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन संपरिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश 2020 के अंतर्गत प्रदेश का पहला मुकदमा बरेली के थाना देवरनियां में पंजीकृत कर 20.11.2020 को आरोपी को जेल भी भेजा गया। छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया गया। एंटी रोमियो स्क्वॉड के द्वारा टीमों द्वारा 4,61,234 स्कूल-कालेजों व 10,95,510 संदिग्धों की चेकिंग की चुकी है। इस दौरान 819 रिपोर्ट कर 1086 को गिरफ्तार किया और 1,56,601 को चेतावनी दी गई।

एक अरब से ज्यादा की संपत्ति की जब्त

पुलिस ने 20.03.2017 से अब तक गैंग एक्ट में 186 मामलों में संपत्ति जब्त की। गैंग एक्ट के 2,234 मामले दर्ज किए गए जिसमें 7,108 गिरफ्तार हुए, 19,331 के खिलाफ गुंडा एक्ट और 154 के खिलाफ एनएसए की की कार्रवाई हुई। कुल 1,275 ईनामी अपराधी पकड़े गए। वहीं पुलिस मुड़भेड़ के 1,070 मामलों में 2,382 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और सात मारे भी गए। इसके साथ ही 294 अवैध शस्त्र फैक्ट्री, 4,025 अवैध शराब भट्टी पकड़ने के साथ ही हजारों किलो मादक पदार्थ भी बरामद किया।

सोशल मीडिया ने भी संभाली कमान

साल 2018 में गठन किए जाने के बाद सोशल मीडिया ने पुलिस विभाग में जिम्मेदारी के साथ 24 घंटे सेवाएं दी। अब तक सोशल मीडिया की सतर्कता के चलते 229 अभियोग पंजीकृत करने के साथ ही 754 अकाउंट्स की रिपोर्टिग की गई। वहीं पुलिस विभाग के लापरवाह 170 कर्मचारियों को दीर्घ दंड, 3,541 को लघु दंड व 97 कर्मचारियों को सेवा निवृति भी दी गई।

2016 की तुलना में इतना कम हुआ क्राइम ग्राफ

डकैती 77 परसेंट

लूट 72 परसेंट

हत्या 32 परसेंट

रेप 47 परसेंट

अपहरण 56 परसेंट

गोकशी 68 परसेंट

बलवा 51 परसेंट

गृहभेदन 50 परसेंट