-दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने क्लस्टर हॉटस्पॉट की दिखाई थी हकीकत

-खबर पर पुलिस ने हॉटस्पाट एरिया से लोगों की आवाजाही पर लगाया अंकुश

बरेली। शहर में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने अधिक संक्रमण वाले एरिया में क्लस्टर लॉकडाउन लागू किया है। इन एरिया में कोरोना की चेन ब्रेक करने के लिए कंटेनमेंट जोन वाली गाइड लाइन ही फॉलो होनी थी, पर लोगों ने इसको गंभीरता से नहीं लिया। इन जगहों पर ड्यूटी में तैनात पुलिस भी लोगों की बेरोकटोक आवाजाही को नजरंदाज करती रही। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने शहर के हॉटस्पॉट एरिया की रियलिटी को 31 जुलाई के अंक में पब्लिश किया था। इसका पॉजिटिव इंपेक्ट फ्राइडे को ही देखने को मिल गया।

राजेन्द्र नगर में बढ़ाई सख्ती

राजेन्द्र नगर में कोरोना पॉजिटिव केस अधिक होने से प्रशासन ने पूरे एरिया को ही क्लस्टर हॉटस्पॉट बनाया है। इससे राजेन्द्र नगर, इन्द्रानगर, एकतानगर, जनकपुरी, गुलमोहर पार्क आदि जगहों को सील किया गया है। यहां आने-जाने वाले रास्तों पर बैरीकेडिंग लगाई गई है। संबंधित थाना पुलिस की सुस्ती से इन जगहों से लोग बेरोकटोक बाहर निकल रहे थे। इसकी हकीकत उजगार होने पर फ्राइडे को पुलिस ने सख्ती बरती और लोगों को बेवजह बाहर नहीं निकलने दिया।

अन्य जगहों पर पुलिस रही अलर्ट

राजेन्द्र नगर के अलावा सुभाष नगर, रामपुर गार्डन, सिविल लाइन के बलवंत सिंह मार्ग में भी पुलिस ने लोगों की आवाजाही पर सख्ती बरती। यहां बैरीकेडिंग को दुरस्त किया और इनमें संबंधित थाने का चेतावनी बैनर भी टांगा। पुलिस की इस सख्ती से लोगों को परेशान भी होना पड़ा।

लोगों को खुद दिखानी होगी समझदारी

अनलॉक में भी शहर के कई हिस्सों में लॉकडाउन लागू होना भले ही बरेलियंस को अखर रहा हो, पर इसकी वजह को उन्हें खुद ही समझना होगा। उन्हें मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की अहमियत को समझना होगा और इसको फॉलो भी करना होगा। शहर के मार्केट में उमड़ रही भीड़ से हर दिन सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार हो रही है। इससे कोराना स्प्रेड का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में बरेलियंस को खुद ही समझदारी दिखानी होगी।