दिनभर इबादत के बाद रेस्टोरेंट में फास्ट फूड से रोजा इफ्तार

>BAREILLY: आपने रोजेदारों को दिनभर की भूख-प्यास के बाद शाम को मस्जिदों का रुख करते हुए देखा होगा। रोजेदार इफ्तार का वक्त होते ही रोजा खोलने के लिए मस्जिदों में पहुंचते हैं, लेकिन बदलते वक्त के साथ इफ्तार का जायका और जगह बदल रही है। लोग रेस्टोरेंट में रोजा इफ्तार कर रहे हैं। परंपरा के अनुसार खजूर से रोजा खोलने के बाद रेस्टोरेंट में अपने दोस्तों और फैमिली मेंबर्स के साथ रोजा इफ्तार कर रहे हैं।

फास्ट फूड है पसंद

शहर आजमनगर के रहने वाले जाबिर कुरैशी, मुलुकपुर सुब्हान हसन, किला के शाकिब अली, गढैया फैसल रजा और ग्रीन पार्क के मुहीब मंजर आपस में अच्छे दोस्त हैं। रमजान में इन दिनों जबर्दस्त गर्मी के कारण दिनभर ये लोग घर पर रहकर ही इबादत में मसरूफ रहते हैं। इस वजह से ये लोग मुलाकात नहीं कर पाते हैं। लिहाजा, शाम को सभी अलग-अलग रेस्टोरेंट में एक साथ रोजा खोलते हैं। वहीं सभी दोस्तों की मुलाकात भी हो जाती है। उन लोगों ने बताया कि उन्हें फास्ट फूड भी बहुत पसंद है। इसलिए दिनार भूख-प्यास के बाद शाम को फास्ट फूड खाने के लिए रेस्टोरेंट जाते हैं।

कई रेस्टोरेंट ने भी किए इंतजाम

रोजेदारों के लिए कई रेस्टोरेंट में भी खासा इंतजाम किया गया है। रोजेदारों के लिए रेस्टोरेंट संचालक उनकी पसंद के मुताबिक पिज्जा, बर्गर, चाउमीन समेत तमाम फास्ट फूड तैयार कर रहे हैं। जाबिर कुरैशी बताया कि वह और उनके ग्रुप के लोग शाम को अलग-अलग रेस्टोरेंट में रोजा खोलते हैं। पहले खजूर से रोजा खोलने के बाद फास्ट फूड खाते हैं। उन्होंने बताया कि डीडीपुरम, अयूब खां चौराहा, बटलर आदि जगहों पर अलग-अलग दिनों में रोजा इफ्तार कर रहे हैं। सिर्फ इतना ही नहीं बदलते जमाने के साथ हर कोई कदमताल मिला रहा है। घर पर रोजा खोलने के बाद कई फैमिलीज भी रेस्टोरेंट में जायकेदार खाना खाने के लिए पहुंच रही हैं।