-जगह-जगह मंदिरों और घरों में हुआ सुंदरकांड का पाठ

बरेली:

अयोध्या में 5 अगस्त को होने वाले राममंदिर भूमि पूजन को लेकर शहर के मंदिरों और घरों में भी खुशियां मनाई जा रही हैं। राम मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन की तैयारियां आयोध्या में चल रही हैं। इसी के चलते शहर में जगह-जगह सुंदर कांड का पाठ, भजन का आयोजन हुआ और मंदिरों को भी बेहतरीन ढंग से सजाया गया। आर्टिस्ट ने राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर कई सुंदर चित्र भी बनाए। शहर के मंदिरों को सजाने का काम एक दिन पहले से ही शुरू हो गया तो वहीं ट्यूजडे शाम को मंदिरों की सजावट को पूरा कर लिया। मंदिर ही नहीं शहर में लोगों ने घरों की शोभा देखते ही बन रही थी।

मनाया जाएगा दीपोत्सव

अयोध्या में राममंदिर निर्माण के भूमिपूजन की पूर्व संध्या पर नाथनगरी के होलिका मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेसिंग को भी फॉलो कर लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। बरेली कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ। अजय कुमार शर्मा ने बताया कि होलिका मंदिर में भी आज दीपोत्सव मनाया जाएगा। इससे पहले ट्यूजडे को सभी ने सुंदरकांड का पाठ किया। पांच अगस्त को शाम चार बजे से भजन-कीर्तन के बाद दीपोत्सव और मिष्ठान वितरित किया जाएगा। इसके लिए कार्यक्रम संयोजक विशेष पाराशरी, प्रियांक सक्सेना को बनाया गया है।

आनंद आश्रम में अखंड रामायण पाठ

आनंद आश्रम में ट्यूजडे को अखंड रामायण पाठ का आयोजन हुआ। इस आयोजन के शुभारंभ पर प्रधान पुजारी आचार्य सचिन शर्मा, मंत्री पे्रमशंकर अग्रवाल, शशिकांत मोदी, रजनीश अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, हिमांशु, वरुण, अंकुर आदि मौजूद रहे। अखंड पाठ का परायण वेडनेसडे को होगा। इसके बाद शाम को मंदिर में दीपोत्सव का आयोजन होगा।

पुलिस ने रोका अलखनाथ मंदिर में दीप प्रज्जवलन

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन को लेकर मुख्यमंत्री ने चार व पांच अगस्त को घरों व मंदिरों में दीये जलाने का आह्वान किया। इसी आह्वान पर ट्यूजडे को अलखनाथ मंदिर में 1100 दीये जलाने की तैयारी की गई, पर पुलिस ने यहां दिये नहीं जलाने दिए। मंदिर के महंत कालू गिरी महाराज ने बताया कि चौकी पुलिस ने दीये क्यों नहीं जलाने दिए, इसका कारण भी नहीं बताया। उन्होंने इस पर नाराजगी भी जताई। इसके बाद भी उन्होंने मंदिर के साधुओं व भक्तों के साथ विशेष पूजा अर्चना की।

दीपोत्सव के लिए बांटे दीये

राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के उपलक्ष्य में वेडनेसडे को बरेलियंस दीपोत्सव की तैयारी में हैं। इसके लिए ट्यूजडे को शहर में कई समाजिक व व्यापारिक संगठनों ने जगह-जगह दीये बांटे। धर्मकांटा चौराहा पर व्यापारी रामकृष्ण शुक्ला व अन्रू व्यापारियों ने लोगों को दीये बांटे। इस मौके पर समाजसेवी राशि पाराशरी भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं।

बुजुर्ग चौधरी दंपति का उल्लास प्रेरणादायी

शताब्दियों बाद अयोध्या में भगवान राम की जन्म स्थली पर उनका मंदिर बनने की खुशी यूं तो सभी लोगों के मन में है, पर राजेन्द्र नगर निवासी 80 वर्षीय डॉ। इन्द्रजीत चौधरी और उनकी पत्‍‌नी मीना चौधरी की खुशी शहर के रामभक्तों के लिए प्रेरणादायी भी है। मंदिर निर्माण की खुशी के साथ ही मुख्यमंत्री की अपील पर ट्यूजडे को इस दंपति ने अपने घर में दीपोत्सव मनाया। उन्होंने बताया कि वेडनेसडे को वह घर में दिवाली मनाएंगे। उन्होंने इस खुशी के मौके पर सभी शहरवासियों से अपने घरों को दीयों से जगमग करने की अपील की।

मंदिर होंगे जगमग

राम मंदिर निर्माण का शुभारंभ होने की खुशी वेडनेसडे को मंदिरों में भी पूरे उल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहर छोटे-बड़े मंदिरों को बिजली की रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग किया जाएगा। हरि मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर मॉडल टाउन के सभी मंदिरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। बांके बिहारी मंदिर, अलखनाथ मंदिर को भी इस अवसर पर रोशन किया गया है।

आर्टिस्ट ने बनाई सुंदर पेटिंग

राममंदिर भूमि पूजन को लेकर शहर के आर्टिस्टों ने सुंदर पेंटिंग्स भी बनाई। इस दौरान अंशिका अग्रवाल ने श्रीराम भगवान के आगे पूजा करते हुए पीएम और यूपी के सीएम की तस्वीर को उकेरा तो वहीं डॉ। अजय रघुवंशी ने भगवान राम की तस्वीर बनाई।