बरेली(ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश विवाह पंजीकरण नियमावली के अनुसार अब प्रत्येक धर्म में मैरिज रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक हो गया है। वर्ष 2017 से पहले तक विवाह का पंजीकरण हिंदू मैरिज एक्ट के अनुसार केवल हिंदू धर्म के लोगों के लिए ही अनिवार्य होता था। लेकिन, 2017 में लागू नियमावली के बाद अब प्रत्येक संप्रदाय से जुड़े लोग अपने विवाह को पंजीकृत करवा सकते हैं। लेकिन लोगों में इसको लेकर जागरूकता देखने को नहीं मिल रही है। वास्तविकता यह है कि जब लोगों को किसी विशेष उद्देश्य से इसकी जरूरत होतीे है तब ही रजिस्ट्रेशन करवाते हैं।

विदेश जाने के लिए जरूरत
जो लोग विदेश में रह रहे हैं, किंतु भारत में विवाह करते हैं, उन्हें मैरिज के बाद जीवनसाथी को अपने साथ वहां ले जाने के लिए मैरिज रजिस्ट्रेशन की जरूरत पड़ती है तो वे इसे करवाते हैं। क्योंकि बिना मैरिज सर्टिफिकेट के उनके स्पाउस का वहां रह पाना मुश्किल होता है। इसके अलावा आर्मी में भी पत्नी को साथ रखने के लिए मैरिज सर्टिफिकेट कंपलसरी कर दिया गया है। इसके लिए वे लोग भी इसे करवाते हैं।

अब तक मात्र 1740 रजिस्ट्रेशन
नई नियमावली के लागू होने के बाद भी मैरिज रजिस्ट्रेशन कराने का क्रेज बरेलियंस में बहुत ही कम नजर आ रहा है। क्योंकि जब से हिंदू मैरिज नियमावली लागू हुई है, तब से अब तक मात्र 1740 ही लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। बहुत कम लोग ही ऐसे हैं, जो शादी के तुरंत बाद रजिस्ट्रेशन करवाते हों।

अवेयरनेस की कमी
इंटरनेट के जमाने में जहां प्रत्येक व्यक्ति एक्टिव रहता है। हर बात को लेकर लोग अपडेट रहने का प्रयास करते हैं। इसके बाद भी मैरिज रजिस्ट्रेशन को लेकर बेहद लापरवाह नजर आते हैं। मात्र 10 परसेंट ही लोग ऐसे होंगे, जो जिम्मेदारी मानते हुए मैरिज रजिस्ट्रेशन करवाते हैं, नहीं तो कोई भी इसे सीरियसली नहीं लेता है।


केस-1
बदायूं के रहने वाली मुस्लिम फैमिली बरेली के किला थाना क्षेत्र में 20 वर्षों से रहती है। इनके बेटे की शादी तीन महीेने पहले थाना बारादरी क्षेत्र की युवती से हुई है। वह युवक दुबई में पिछले तीन सालों से काम करता है। अब वह पत्नी को साथ ले जाना चाहता है। ऐसे में जब उसे पता चला कि बिना मैरिज रजिस्ट्रेशन पत्नि को दुबई ले जा पाना संभव नहीं है तो रजिस्ट्री ऑफिस पहुंच कर पंजीकरण करवाया। अब जब उनका मैरिज सार्टिफिकेट बन जाएगा तब ही उनका जाना संभव होगा।

केस-2
आंवला थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक पांच साल से आर्मी में जॉब करता है। उसकी शादी दो साल पहले एटा जिले से हुई थी। उसकी एक आठ महीने की बेटी भी है। अब वह पत्नी को अपनी पोस्टिंग के स्थान दिल्ली ले जाना चाहता है। पत्नी को ले जाने के लिए रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता होगी, उसे इस बात की जानकारी नहीं थी। जब उसे पता चला कि बिना रजिस्ट्रेशन के जाना संभव नहीं है तो उसने तुरंत ऑफिस पहुंचकर मैरिज रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को पूरा किया।

वर्जन
मैरिज रजिस्ट्रेशन को लेकर लोगों में जागरूकता की कमी देखी जा रही है। यहां पर वेे लोग आते हैं, जिन्हें किसी विशेष परपज से सर्टिफिकेट की जरूरत होती है। इसके अलावा वे लोग रजिस्ट्रेशन करवाते हैं, जो प्रेम विवाह करते हैं। वास्तव में मैरिज रजिस्ट्रेशन हर किसी के लिए आवश्यक हो गया है। सबको इसके लिए अवेयर होना चाहिए।
रवि वर्मा, सब रजिस्ट्रार फस्र्ट