- सुभाषनगर के तिलक कालोनी की घटना, सीसीटीवी में कैद हुए दोनों टप्पेबाज

बरेली : टप्पेबाज सर्राफ की आंखों के सामने से दिनदहाड़े आठ अंगूठियां लेकर भाग निकले। सर्राफ जब तक कुछ समझ पाता, तब तक दुकान के बाहर खड़े दूसरे साथी के साथ टप्पेबाज बाइक पर सवार होकर भाग निकला। दिनदहाड़े भरे बाजार में सर्राफ की दुकान पर वारदात से व्यापारी दहशत में हैं। दोनों टप्पेबाज सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। सुभाषनगर पुलिस ने मामले में सर्राफ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुभाषनगर के तिलक कालोनी स्थित रवि कुमार सिंह की मॉडल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। रवि के मुताबिक, वेडनेसडे दोपहर करीब डेढ़ बजे 50-55 वर्ष के बीच का एक आदमी दुकान में दाखिल हुआ। उसने 10 से 15 साल की बेटी के लिए सर्राफ से सोने की बालियां दिखाने की बात कही। बालियां देख ही रहा था कि अंगूठी भी दिखाने की बात कही। इस पर सर्राफ ने अंगूठी भी उसे दिखाने को रखी। टप्पेबाज ने अंगूठी पंसद होने की बात कही। इसी बीच दुकान में उसका दूसरा साथी दाखिल हुआ। उससे ठप्पेबाज ने कहा कि अंगूठी पंसद आ गईं। पत्नी बाहर खड़ी हैं जरा बुला दो वह भी देख लें। इस बीच सर्राफ बालियां उठाकर रखने लगा। मौका देखते ही आठ अंगूठियां ठग लेकर भाग निकला। जब तक सर्राफ बाहर निकलता तब तक वह बाहर अपाचे बाइक से खड़े अपने साथी के साथ भाग निकला। दोनों आरोपित सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। दोनों मास्क पहने थे। बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति अंगूठी लेकर निकला। बाइक चलाने वाला टप्पेबाज गुलाबी रंग की कैप भी पहने हुए है।

डेढ़ लाख है अंगूठियों की कीमत

सर्राफ रवि कुमार सिंह के मुताबिक, टप्पेबाज चार पुरुष व चार महिला की अंगूठी ले गए हैं। सभी का कुल वजन 32 ग्राम है। अंगूठियों की कीमत डेढ़ लाख रुपये के करीब है। दिनदहाड़े सर्राफ की दुकान पर वारदात की सूचना के बाद आनन-फानन में सीओ आशीष कुमार सिंह सुभाषनगर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी खंगाले गए जिसमे आरोपित दिखे। आस-पास के लोगों से मामले में पुलिस ने जानकारी की।

मामले में सर्राफ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी में आरोपित कैद हैं, उनकी पहचान कराई जा रही है।

- आशीष कुमार सिंह, सीओ द्वितीय