-स्मार्ट सड़कों समेत आठ प्रस्तावों को मिली गति, निकाले टेंडर

- बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी ने ऑनलाइन टेंडर निकाल देश-विदेश की कंपनियों को किया आमंत्रित

- 11.21 किमी आंतरिक व 5.62 किमी मुख्य सड़कों को बनाना है स्मार्ट, लगेंगी हाईमास्ट लाइटें

बरेली : शहर को स्मार्ट बनाने की दिशा में बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी एक कदम और बढ़ी है। बीते दिनों बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में स्वीकृत हुए प्रस्तावों का धरातल पर लाने के लिए ऑनलाइन टेंडर निकाल दिए गए हैं। कंपनी ने देश-विदेश की कंपनी को उनकी तकनीकों के साथ आमंत्रित किया है। टेंडर होने के बाद शहर में विकास के काम शुरू होंगे।

दस करोड़ से बनेगा इंडोर स्टेडियम

शहर में स्थित स्टेडियम में एक मल्टीस्पो‌र्ट्स इंडोर स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था को इसके निर्माण के साथ ही तीन साल तक मेंटीनेंस भी करनी होगी। इंडोर स्टेडियम बनने से यहां खिलाडि़यों को लाभ होगा। नई प्रतिभाएं भी सामने आएंगी। इसके निर्माण में करीब दस करोड़ रुपये खर्च होंगे।

शहर में बनेंगी 11.21 किलोमीटर आंतरिक सड़कें

स्मार्ट सिटी योजना में शहर की आंतरिक सड़कों को भी स्मार्ट बनाने के लिए चयनित किया गया है। करीब 11.21 किलोमीटर आंतरिक सड़कें स्मार्ट बनेंगी। इन सड़कों पर राहगीरों की सुविधाओं की व्यवस्था होगी। शहर में खोदाई होने के कारण सड़कों की लंबाई में संशोधन किया गया है। इसके निर्माण में करीब 18.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

शहर में लगेंगी 16 हाईमास्ट लाइटें

योजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों व सड़कों पर 16 हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इन लाइटों से शहर में रोशनी बढ़ेगी। इसके निर्माण में करीब 1.25 करोड़ रुपये का खर्च होगा। इन लाइटों के लगने से शहरवासियों को लाभ होगा।

संजय कम्युनिटी हाल व तालाब का सुंदरीकरण

शहर के बीच में स्थित संजय कम्युनिटी हाल व तालाब के सुंदरीकरण का प्रस्ताव स्मार्ट सिटी कंपनी ने काफी पहले बनाया था। बीते दिनों इसके प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसके सुंदरीकरण के लिए टेंडर निकाला गया है। हाल व तालाब का सुंदरीकरण करीब नौ करोड़ रुपये से किया जाएगा।

5.62 किमी मुख्य सड़कें होंगी स्मार्ट

शहर में एरिया बेस डेवलपमेंट (एबीडी) क्षेत्र की मुख्य सड़कों को भी स्मार्ट बनाने की योजना है। इसके लिए करीब 5.62 किलोमीटर सड़कों को चयनित किया गया है। इनमें पार्किंग, वें¨डग जोन, जंक्शन विकसित किए जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण की लागत करीब साठ करोड़ रुपये है।

बदायूं रोड के मुहल्लों में नहीं होगा जलभराव

योजना में करगैना पुलिस चौकी से करेगी गांव की पुलिया तक आरसीसी नाला का निर्माण होना है। इसके निर्माण के लिए करीब 8.75 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। नाला निर्माण होने से बदायूं रोड के आसपास के करीब दो दर्जन मुहल्लों में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी।

ऑर्गेनिक वेस्ट का होगा निस्तारण

स्मार्ट सिटी योजना में शहर में आर्गेनिक वेस्ट के निस्तारण को व्यवस्था की जानी है। बीते दिनों इसका प्रस्ताव बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में पास भी हो गया था। इसके लिए करीब एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे शहर में आर्गेनिक वेस्ट की समस्या नहीं रहेगी।

बनेंगी मल्टी लेवल कार पार्किंग

शहर में वाहनों को खड़ा करने की समस्या के चलते बीते दिनों स्मार्ट सिटी कंपनी ने मल्टी लेवल कार पार्किंग के निर्माण को प्रस्ताव बनाया था। इसके लिए करीब 7.50 करोड़ रुपये रखा गया। अधिकारियों की मंजूरी के बाद कार पार्किंग का टेंडर लगाया गया है। इससे शहर की बड़ी समस्या दूर होगी।

स्मार्ट सिटी कंपनी में बीते दिनों मंजूर प्रस्तावों को धरातल पर लाने के लिए ऑनलाइन टेंडर निकाल दिए गए हैं। टेंडर होने पर इन कामों को शुरू कराया जाएगा। इससे शहर का विकास होगा।

अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त