- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आया हैंगिंग, संदिग्ध मानकर पुलिस जांच में जुटी

बरेली। मुडि़या अहमदनगर में थर्सडे रात हुई एक दिव्यांग की मौत की गुत्थी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद भी नहीं सुलझ सकी। रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिग और सांस रुकना बताया गया है। वहीं पुलिस भी इस पर संदेह कर रही है। अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव के ही युवक पर शक

इज्जतनगर क्षेत्र के गांव मुडि़या अहमदनगर निवासी सुमित यादव (24) का शव थर्सडे रात उसके घर में ही एक जंगले के सहारे लटका मिला था। सुमित दोनों हाथ और एक पैर से दिव्यांग था। सूचना पर पहुंची पुलिस को जानकारी मिली थी कि परिजनों ने एक बार शव को फंदे से उतारने के बाद पुलिस की कार्रवाई के डर से उसे दोबारा वहीं टांग दिया था। वहीं उसे एक झोलाछाप को भी दिखाया था। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि वह अक्सर उसे शराब पिलाता था।

संदेह में पुलिस, जांच शुरू

पुलिस के मुताबिक दोनों हाथ व एक पैर से दिव्यांग होने के कारण वह कैसे पांच फुट ऊंची खिड़की से फंदा बनाकर लटक सकता है। ऐसा मुश्किल है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों के तरफ से अभी कोई तहरीर भी नहीं मिली है। परिजनों ने भी मामले में अभी कुछ बोलने से इंकार कर दिया है।