-वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ देवी का आह्वान

- नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना

BAREILLY: चैत्र मास नवरात्रि के पहले दिन देवी मंदिरों में भक्ति की बरसात हुई। सिटी के प्रमुख मंदिरों में तड़के ही भक्तों का जन-सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुंदरी, रोरी और घी के दीये से माताजी की पूजा-अर्चना की। कतारों में खड़े होकर सुख-समृद्धि की मन्नतें मांगी। इस मौके पर मंदिरों के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अखंड ज्योति जलाई और माता का आह्वान किया।

मत्था टेक भक्तों ने मांगी मन्नतें

सिटी के प्रमुख मंदिर कालीबाड़ी मंदिर, साहुकारा स्थित नव दुर्गा मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर धूपेश्वर नाथ मंदिर में मंडे को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिला भक्तों ने घी और बाती की अखंड ज्योति जलाई। भक्तों ने माता की चरणों में मत्था टेककर मन्नतें मांगी। इस मौके पर फल-फूल और रोरी, लाल वस्त्रों का प्रसाद चढ़ाया गया। प्रोग्राम की शुरुआत अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करने के साथ हुआ। इसके बाद कलश स्थापना की गई। अलग-अलग योग के तहत माताजी की आरती हुई। दिन के समय महिला भक्तों ने माता रानी की छंद और भेंटें पेश कीं।

भक्तों ने रखा व्रत

सिटी के हजारों भक्तों ने नवरात्र की शुरुआत व्रत और कलश स्थापना के साथ किया। उन्होंने मां शैलपुत्री के लिए वेदी तैयार कर मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की। मंत्रो की स्तुति से माता के अलग-अलग रूपों की पूजा की। कई भक्त ऐसे भी हैं जिन्होंने नव दुर्गा की पूजा के लिए नवरात्र भर व्रत रखने का संकल्प लिया है।