-पुलिस ने शुरू किया हैंड वॉश चैलेंज

-सभी थानों और पीआरवी को किया जा रहा सेनेटाइज

बरेली: यह ढाई किलो का हाथ भी सेनेटाइज होता है, आप भी करें, यहां भी डिस्टेंस मेनटेन करो ना, जी हां कुछ इसी तरह के मैसेज के जरिए यूपी पुलिस लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए अवेयर कर रही है। पुलिस ने सेफ हैंड चैलेंज शुरू किया है। पुलिस थानों व दफ्तरों में आने वाले लोगों को हैंड वॉश करने के बारे में अवेयर कर रही है। सोशल मीडिया पर भी हैंड वॉश चैलेंज के तहत जागरूकता फैलायी जा रही है।

हाथ धोने की अपील

यह ढाई किलो का हाथ जब पड़ता है तो आदमी उठता नहीं, उठ जाता है, सनी देवल की फिल्म का यह डॉयलॉग तो सभी को याद होगा। सनी देवल के इसी डॉयलॉग के तर्ज पर यूपी 112 ने भी हैंड वॉश चैलेंज शुरू किया है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि अपने हाथों को अल्कोहल आधारित हैंड वॉश या साबुन और पानी से धोएं। पुलिस ने सोशल मीडिया पर हाथ धोने के तरीके की फोटो भी शेयर की है।

कुछ दूरियां अच्छी होती हैं

कोरोना में लोगों को एक-दूसरे से दूरी बनाने के लिए कहा जा रहा है। सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों से भी पुलिस कुछ इसी तरह से अपील कर रही है। पुलिस का कहना है कि कुछ दूरियां अच्छी होती हैं। पुलिस कह रही है कि दो वाहनों के बीच भी डिस्टेंस मेनटेन करो ना।

थानों को किया जा रहा सेनेटाइज

थानों और पुलिस के सभी दफ्तरों को पूरी तरह से सेनेटाइज किया जा रहा है। सभी थानों की सुबह अच्छे से साफ-सफाई की जा रही है। सभी थानों में सेनेटाइजर पहुंचाए जा रहे हैं। इसके अलावा सभी पुलिसकर्मियों के लिए मास्क की भी व्यवस्था की जा रही है।

पीआरवी की भी सफाई

पीआरवी में पीडि़त और आरोपी दोनों को बैठाकर थाने लाया जाता है। ऐसे में पुलिस की सभी पीआरवी को डेली सुबह अच्छे तरीके से साफ कर सेनेटाइज किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों की भीड़ न इकट्ठा हो इसके लिए परेड भी कैंसिल कर दी गई है।

पब्लिक को अवेयर किया जा रहा है। सभी को हाथ साफ करने के लिए बोला जा रहा है। थानों व दफ्तरों की सफाई की जा रही है। पीआरवी को भी सही से साफ किया जा रहा है।

राजेश कुमार पांडे, डीआईजी रेंज