-नो एंट्री ओपन होने के बाद चौपुला पर लग जाता था जाम

-जाम न लगे, इसके लिए चौराहों पर 12 बजे तक लग रही ड्यूटी

बरेली- शहर में ओवर ब्रिज और पाइप लाइन के निर्माण के चलते प्रमुख चौराहों पर जाम लग जाता है। जाम दिन में तो लगता ही है लेकिन नो एंट्री ओपन होने के बाद हेवी व्हीकल के निकलने से रात में भी जाम लगता है। रात में जाम न लगे, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस शहर में रात 12 बजे तक पहरेदारी कर रही है। यह पहरेदरी हेवी व्हीकल की होती है, जिनका अलग-अलग प्वाइंट से रूट डायवर्जन किया जाता है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। वहीं दिन में प्रमुख चौराहों पर हेवी ट्रैफिक की वजह से जाम लग जाता है। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी के बावजूद भी कई बार जाम कंट्रोल नहीं हो पाता है।

10 बजे के बाद हेवी व्हीकल की एंट्री

शहर में गर्मियों में रात 10 बजे के बाद नो एंट्री ओपन हो जाती है। नो एंट्री ओपन होने के बाद शहर में हेवी व्हीकल यानी ट्रकों को एंट्री मिल जाती है। जिसके बाद ट्रक अपनी मर्जी से कहीं भी घूमने लगते हैं। शहर में सैटेलाइट और चौपुला चौक पर ओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा है। जिसकी वजह से रोड संकरी हो रखी हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत चौपुला पुल पर होती है, क्योंकि बदायूं जाने वाले व्हीकल इसी रास्ते से निकलने की कोशिश करते हैं और फिर जाम लग जाता है जो कई घंटे तक लगा रहता है। इसी तरह से सैटेलाइट पर रात में रोडवेज की बसें आड़ी-तिरछी खड़ी हो जाती हैं, जिसकी वजह से भी जाम लग जाता है। इन दोनों जगहों पर जाम न लगे, इसके चलते ही रात में ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगायी जाती है।

यहां लगायी जा रही ड्यूटी

ट्रैफिक पुलिस की मेन रूप से चौकी चौराहा पर रात में ड्यूटी लगायी जा रही है। इसके अलावा सैटेलाइट चौक व चौपुला पर भी ड्यूटी लगायी जा रही है। यह ड्यूटी हेवी व्हीकल के रूट डायवर्जन के लिए लगती हैं। चौकी चौराहा पर तैनात पुलिसकर्मी सैटेलाइट की ओर से आने वाले सभी हेवी व्हीकल को सर्किट हाउस होते हुए लालफाटक वाले रास्ते को डायवर्ट कर दिया जाता है। इन वाहनों को चौपुला चौराहा की ओर नहीं जाने दिया जाता है। इसके अलावा चौपुला की ओर से आने वाले वाहनों को चौकी चौराहा की ओर आने दिया जाता है।

सड़क किनारे खड़े हो जाते ट्रक

शहर में अक्सर देखने में आया है कि रात में शहर की सड़कों पर ट्रक व बसों का अवैध कब्जा हो जाता है। अधिकांश एरिया में आधी सड़क यही वाहन कब्जा कर लेते हैं। जिससे हादसा होने का भी डर बना रहता है। यही नहीं रात में नो एंट्री में इन वाहनों की एंट्री हो जाती है और फिर यह वाहन दिन में भी खड़े रहते हैं। मौजूदा समय में सैटेलाइट पर पुल का निर्माण हो रहा है लेकिन इसके बावजूद भी सड़क पर कब्जा कर ट्रक खड़ा कर देते हैं, जिसकी वजह से अन्य वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है।

चौपुला चौराहा पर निर्माण कार्य चल रहा है। दोनों तरफ से हेवी व्हीकल आने पर जाम लग जाता है। जाम न लगे, इसके लिए रात 12 बजे तक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगायी जा रही है।

सुभाष चंद्र, गंगवार, एसपी ट्रैफिक