- शहर में कई जगहों पर निर्माण कार्य चलने के कारण यातायात व्यवस्था हुई ध्वस्त

- ट्विटर हैंडल पर ट्रफिक पुलिस लगातार दे रही शहर के यातायात की अपडेट

बरेली। शहर में सेटेलाइट रोड, बरेली कॉलेज रोड, चौपुला चौराहा व अन्य कई जगहों पर ओवरब्रिज व जल निगम के निर्माण कार्य चलते होने के कारण यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। इसके चलते बरेलियंस को शहर में चलने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस सड़कों पर व्यवस्थाएं करने के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी बरेलियंस को निर्देशित कर रही है। जहां कुछ दिनों पहले तक ट्रैफिक पुलिस की ट्विटर पर चल रही यातायात व्यवस्था की अपडेट देने की सुविधा भी ध्वस्त हो गई थी। वहीं आई नेक्स्ट के पांच जनवरी के एडीशन में खबर छपने के बाद यह व्यवस्था दोबारा पटरी पर आ गई है। अब बरेलियंस जाम के झाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस के ट्विटर हैंडल को फॉलो कर सकते हैं। जिससे उन्हें घर से बाहर निकलने पर परेशानी न हो।

डेली पड़ रहे अपडेट

ट्रैफिक पुलिस की एक टीम रोजाना शहर के राउंड लेते वक्त मुख्य चौराहों व सड़कों के अपडेट ट्विटर पर डालती है। इनमें सड़कों पर जाम है या नहीं या फिर सड़क पर यातायात का दवाब है, सारी जानकारी साझा की जाती है। ट्रैफिक ऑफिस में बैठा एक व्यक्ति अपडेट मिलने पर उन्हें ट्रैफिक पुलिस के ट्विटर हैंडल पर अपडेट कर देता है।

वीडियो एड से अवेयर

जिले में लगातार खराब सड़के व ड्राइवरों की लापरवाही के चलते होने वाले हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ने के चलते ट्रैफिक पुलिस लोगों को लगातार जागरूक करने रही है। ट्रैफिक नियम बताने के साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो एड डालकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस भी ट्विटर पर वीडियो एड डालकर लोगों को इमोशनली जागरूक करने की कोशिश कर रही है। इन ऐड्स में पुलिस ओवरलोडिंग, रांग साइड गाड़ी चलाने, अंडरपास, फुट ब्रिज इस्तेमाल करने को जागरूक कर रही है।