बरेली (ब्यूरो)। गुरुवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों ने सुसाइड कर लिया। पहला मामला नगर निवासी शायर व एंकर लकी सक्सेना उर्फ नगमा बरेलवी का है। उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। हालांकि स्वजन ने इसमें हत्या की आशंका जताई है। दूसरा मामला भुता का है, जहां पर पिता की डांट से क्षुब्ध युवती ने खुद को आग लगाकर जान दे दी। वहीं फतेहगंज में एक युवक ने भी जान देने का प्रयास किया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

फंदे से लटका था लकी का शव, परिजन बोले की गई हत्या
बरेली : शायर और एंकर लकी सक्सेना उर्फ नगमा बरेलवी का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे कुंडे से लटका मिला। स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। प्रेमनगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्वजन की ओर से अब तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।

किया था प्रेम विवाह
प्रेमनगर के बांके की छावनी की रहने वाली लकी सक्सेना नगमा बरेलवी के नाम से जानी जानी थी। वह एंकङ्क्षरग के साथ शायरी भी करती थी। 42 वर्षीय नगमा ने बीते साल ही राजा खान उर्फ फुरकान के साथ प्रेम विवाह किया था। फुरकान ने बताया कि निकाह से पूर्व करीब तीन साल तक दोनों लिव इन रिलेशन में रहे। बाद में निकाह कर लिया। निकाह के बाद से दोनों अशरफ खां चौकी के सामने सुशीला इंटर कालेज के पास रहते थे।

रात में दोनों के बीच हुई बातचीत
बुधवार देर रात डेढ़ बजे तक दोनों में बातचीत हुई। इसके बाद नगमा अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह करीब दस बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं आई तो फुरकान ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर आस-पास के लोगों के साथ प्रेमनगर पुलिस को बुलाया गया। नगमा चुन्नी के सहारे कुंडे से लटकी मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नगमा की मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।

फुरकान की पहले भी हो चुकी है शादी
लकी सक्सेना उर्फ नगमा बरेलवी की बहन गजल सक्सेना ने बताया कि फुरकान की यह दूसरा निकाह था। इससे पहले भी उनका निकाह हो चुका है। उनके एक आठ साल का बेटा है। बताया कि बहन के निकाह की जानकारी भी उन्हें हाल में पता चली लेकिन, कार्यक्रम में उन लोगों को बुलाया नहीं गया था। परिवार वाले लकी सक्सेना के इस रिश्ते के विरुद्ध थे। फिर भी बेटी लकी के आगे परिवार झुक गया था। इधर, फुरकान का कहना है कि लकी डिप्रेशन में चल रहीं थीं। दोनों में कोई विवाद नहीं था।

मकान पर थी नजर
भाई ईशान ने बताया कि उनके पिता ने बहन लकी सक्सेना और गजल सक्सेना की मदद से बांके की छावनी में मकान खरीदा था, जिसका बैनामा उसकी बहन लकी सक्सेना के नाम पर था। राजा खान उसकी बहन लकी सक्सेना पर मकान बेचने का दबाव बनाता था, वह कई बार उससे मकान बेचने के लिए कह चुका था।

आए दिन होने लगा था झगड़ा
लकी सक्सेना व राजा खान दोनों मकान में अकेले रहते थे। भाई ईशान ने बताया कि पिता के जाने के बाद आए दिन राजा खान उसकी बहन लकी सक्सेना के साथ मारपीट करता था। पड़ोसियों ने कई बार इसकी जानकारी दी थी, लेकिन वह मजबूर थे।


वर्जन
लकी का कमरे में कुंडे से लटका शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की असल वजह पता चलेगी। स्वजन की ओर से मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
- दयाशंकर, इंस्पेक्टर, प्रेमनगर