बरेली : जिले में कोरोना पॉजिटिव पेशेंट्स का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में कोरोना पॉजिटिव पेशेंट्स की संख्या लगातार 150 के पार ही हो रही है जो कि चौंकाने वाला आंकड़ा है। इसी क्रम में ट्यूजडे को 153 पेशेंट्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए, सभी को कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं ट्यूजडे को कोरोना संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई।

कहां से कितने पॉजिटिव

ट्यूजडे को आईवीआरआई से 124 वहीं अन्य लोगों की रिपोर्ट एंटीजन और ट्रू नेट से पॉजिटिव आई है, जिले में एंटीजन टेस्ट की शुरुआत होने के बाद से अधिक से अधिक पेशेंट्स की जांच हो रही है जिससे संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है।

इनकी हुई मौत

कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां निवासी एक 40 वर्षीय महिला की करीब पांच दिन पहले तबियत खराब हुई थी। परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां 25 जुलाई को उनकी कोविड जांच कराई गई जो अगले दिन पॉजिटिव आई। इसके बाद से उन्हें कोविड वार्ड में शिफ्ट कर उपचार किया जा रहा था। उन्हें हाइपर टेंशन, कार्डियक अरेस्ट और डायबिटीज की समस्या थी। उपचार के दौरान मंडे देर रात उनकी मौत हो गई। इसके अलावा शहर के सुरेश शर्मा नगर निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग की तबियत बिगड़ने पर 19 जुलाई को एक कोविड एल.2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत और निमोनिया की शिकायत थी। बीस जुलाई को उनकी कोविड जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से यहीं उनका उपचार चल रहा था। जहां ट्यूजडे को इलाज के दौरान सुबह उनकी मौत हो गई। सीएमओ डॉ विनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतकों के परिजनों व जिला प्रशासन को मामले की जानकारी दे दी गई है। उनका कोविड.19 मानकों के तहत अंतिम संस्कार कराया गया है।