बरेली (ब्यूरो) । अब सभी ब्लॉकों में दो-दो गौवंश आश्रय स्थल बनाएं जाएंगे। यह बात डीएम मानवेंन्द्र सिंह ने ट्यूजडे को अफसरों के साथ बैठक कर निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडे, उप जिलाधिकारी फरीदपुर अजय कुमार उपाध्याय,उप जिलाधिकारी नवाबगंज राजेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी आंवला नहाने राम, उप जिलाधिकारी मीरगंज वेद प्रकाश मिश्रा, उप जिलाधिकारी बहेड़ी राजीव कुमार शुक्ला व तहसीलदार सदर शेर बहादुर सिंह समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हरा चारा उगाने की करें व्यवस्था
बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंश आश्रय स्थलों का अच्छे ढंग से संचालन किया जाए, किसी गोवंश को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्हे भूसे के साथ हरा चारा दिया जाए, ठंड का मौसम आ चुका है, गौ आश्रय स्थलों में जो गोवंश रह रहे हैं, उनको ठंड व शीतलहर से बचाने के लिए टाट की व्यवस्था शीघ्र कर ली जाए। 10 ग्राम पंचायतों को जोड़ते हुए 50 एकड़ बंजर भूमि चिन्हित कर हरा चारा उगाए जाने की कार्रवाई की जाए। सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए की जहां पर गोवंश कम हैं, वहां पर उनकी संख्या को बढ़ाया जाए। उन्होंने कान्हा गौ संरक्षण केंद्र बहेड़ी को निर्देश दिए कि कम से कम ढाई सौ गोवंश रखे जाएं। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सप्ताह में कम से कम दो बार गौवंशों को देखने के लिए डॉक्टर जरूर पहुंचे। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए की एक ग्रुप बनाया जाए जिसमें हर सप्ताह की रिपोर्ट भेजी जाए। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हर गोवंश स्थल पर गोवंशो का अच्छे से संरक्षण किया जाए।